मिर्जापुर। वासलीगंज-घंटाघर मार्ग पर स्थित एक चर्चित रेडिमेड कपड़े की दुकान पर खरीददारी करने गई महिला का पर्स दुकान के काउंटर से गायब हो गया। इसकी शिकायत जब महिला ने दुकान मालिक से की तो उसने भी उसे गंभीरता से नहीं लिया। इस पर महिला ने अपने घर के पुरुष सदस्यों को फोन पर सूचना देकर बुलवा लिया। साथ ही पुलिस को भी खबर कर दी गई। घटना के संबंध में प्रभारी शहर कोतवाल ने बताया कि सूचना आई थी। वासलीगंज चौकी प्रभारी प्रकरण की जांच कर रहे हैं।
नगर के लोहिया तालाब निवासी सपा यूथ बिग्रेड के जिला सचिव विकास यादव की बहन सीमा यादव घर की महिलाओं के साथ घंटाघर रोड पर स्थित रेडिमेड कपड़ों की एक चर्चित दुकान पर मंगलवार की शाम को खरीददारी करने पहुंची थी। उनका आरोप है कि काउंटर पर करीब दस हजार रुपये से भरा पर्स रख कर वह वहीं पर कपड़ा देख रही थीं। इसी बीच काउंटर पर रखा पर्स गायब हो गया। इसकी शिकायत जब दुकान मालिक व काउंटर पर बैठे लोगों से की गई तो वह कुछ भी सुनने को तैयार नहीं थे। इस पर सीमा ने अपने भाई व घर के अन्य पुरुष सदस्यों को फोन करके खबर कर दिया। कुछ ही मिनट में विकास यादव भी अपने साथियों संग पुलिस को सूचना देते हुए पहुंच गए थे। विकास का कहना है कि उन्होंने शहर कोतवाली में लिखित शिकायत की है।