मिर्जापुर। ठंड का मौसम शुरू होते हुए कोहरा की चादर छाने लगी है। भारी कोहरे के कारण दिल्ली से हावड़ा, पटना तथा मुंबई से पटना, हावड़ा, सूरत से वाराणसी व भागलपुर की ओर आने जाने वाली ट्रेनें तीन घंटे से लेकर 18 घंटे तक देरी से चल रही हैं। इससे यात्रियाें को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा रहा है। कई यात्रियों का एक दिन का सफर दो-दो दिन का हो जा रहा है।
जाड़े का मौसम शुरू होते ही ट्रेनाें की रफ्तार कम होने लगती है। पिछली बार की अपेक्षा इस बार ठंड कुछ जल्दी आ गई है। शाम होते ही कोहरा गिरने लग रहा है। नगरीय क्षेत्रों में इसका अहसास देर से होता है पर नगर सीमा से बाहर थोड़ी दूर की चीजें भी नजर नहीं आ रही है। कोहरे के चलते पिछले एक सप्ताह से दिल्ली से अलीपुरद्वार जाने वाली महानंदा एक्सप्रेस ट्रेन आए दिन छह घंटे से लेकर 18 घंटे तक की देरी से चल रही है। जबकि लालकिला जनता एक्सप्रेस, महानगरी, मुंबई मेल, जोधपुर हावड़ा चंबल, शिप्रा, मुरी नीलांचल ताप्तीगंगा, गोवाहाटी कुरला, पटना कुर्ला, ट्रेन दो घंट से पांच घंटे तक देरी से चल रही हैं। उधर पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, ब्रह्मपुत्र मेल कालका मेल सहित अन्य ट्रेन कभी समय से चल रही है तो कभी एक से डेढ़ घंटे तक लेट हो जा रही है। महानंदा व जनता एक्सप्रेस के अधिक विलंबित चलने की सूचना मिल रही है। घंटाें तक लेट रहने के कारण यात्रियाें को कभी कभी मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर ही रात बिताना पड़ रहा है। इसके बाद ही उन्हें ट्रेन में बैठने को मिल रहा है।