मिर्जापुर। केंद्र और प्रदेश की सरकार गरीबों के हित में काम कर रही है। गरीबों का उत्थान करने के लिए तमाम कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं जिसका लाभ आम लोगों को मिल रहा है। ये बातें अपना दल (एस) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व नवनिर्वाचित विधान परिषद सदस्य आशीष सिंह पटेल ने भरुहना स्थित संसदीय जनसंपर्क कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहीं। इससे पहले जिले के कई स्थानों पर अपना दल (एस) और भाजपा के कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
उन्होंने कहा कि वह आज कार्यकर्ताओं के चलते ही विधान परिषद सदस्य बने हैं। भाजपा और अपना दल (एस) का मजबूत गठबंधन है। इस दौरान संसदीय जनसंपर्क कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद पाल, नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, प्रदेश सचिव रमाशंकर सिंह पटेल, पूर्व सांसद पकौड़ी लाल कोल, रमाकांत पटेल, छानवे विधायक राहुल प्रकाश, मेघनाथ पटेल आदि मौजूद रहे।
इससे पहले विधान परिषद सदस्य बनने के बाद जिले में प्रथम आगमन पर आशीष सिंह पटेल का भव्य स्वागत और अभिनंदन किया गया। जनपद की सीमा से जनसंपर्क कार्यालय तक जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं से उनका स्वागत किया। आशीष सिंह पटेल ने अपनी पत्नी केंद्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल के साथ मां विंध्यवासिनी के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद कंतित शरीफ में चादर चढ़ाकर दुआएं मांगी।
कोन ब्लाक के सेमरा चेतगंज में प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद पाल, प्रदेश सचिव रमाशंकर सिंह पटेल, विधायक छानवे राहुल प्रकाश, डा. शिवप्रकाश विश्वकर्मा, जिलाध्यक्ष रमाकांत पटेल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने आशीष सिंह पटेल का स्वागत किया। धौरहरा मेन रोड पर भाजपा नेता अनिल सिंह, जौनपुर तिराहे पर भाजपा नगर मंडल जसविंदर सिंह, विजय निषाद, जानी शर्मा आदि ने स्वागत किया। इसके बाद बथुआ सेफ्टन मिल तिराहे पर भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष बिंद्रा प्रसाद विश्वकर्मा, जिला पंचायत सदस्य तुलसी बिंद, भरूहना चौराहे पर मीडिया सचिव आनंद सिंह पटेल ने स्वागत किया।