मिर्जापुर। नगर के बूढ़ेनाथ मंदिर में पुरुषोत्तम मास की प्रदोष तिथि पर बाबा भोलेनाथ का भव्य श्रृंगार किया गया। फूलों के सजे बंगले में विराजमान बाबा के दिव्य दर्शन पाकर भक्त भाव विभोर हुए। देर रात तक भक्तों का तांता बाबा के दरबार में लगा रहा। भजन संध्या में भक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुति से भक्त भाव विभोर होकर जयकारा लगाया ।
बाबा बूढ़ेनाथ मंदिर के महंत योगानन्द गिरि ने बताया कि तीन वर्ष में एक बार लगने वाले पुरुषोत्तम माह की महिमा अपरंपार है । यह माह भक्तों के कल्याण के लिए स्वयं भगवान विष्णु के द्वारा बनाया गया है । बारह महीने जहां प्रकृति को समर्पित हैं वहीं एक माह पुरुष स्वरूपेण बाबा भोलेनाथ को अर्पित है। पुरुषोत्तम माह में बाबा का दर्शन जप, तप और दान करने से भक्तों की समस्त मनोकामना पूरी होती है। बाबा के भव्य श्रृंगार के मौके पर आयोजित भजन संध्या कार्यक्रम में कलाकारों ने भक्ति गीतों से श्रोताओं को विभोर किया । बाबा के दरबार में पहली हाजिरी सदानंद जी ने गणपति वंदना से की । इसके बाद राम रतन धन पायो की प्रस्तुति कर भक्तों को जयकारा लगाने के लिए विवश कर दिया । पद्मिनी गुप्ता ने लगन हरि से लगा बैठी को प्रस्तुत किया । बैकुंठ केसरी, शंभूनाथ चित्रकार, भगवती प्रसाद केसरी, अजय पांडेय, विनय आदि ने भक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुति की । पंकज दुबे, सोनी तिवारी, ने भक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुति कर वाह वाही लूटी । कलाकारों का ढोलक पर मनोज तिवारी, तबला पर राजू सेठ, राहुल दुबे एवं हारमोनियम पर सोनू पाठक ने संगत किया । इस मौके पर प्रेम नारायण दुबे, अतुल चड्ढा , अतुल कोठारी, अजय कोठारी, समीर वर्मा, पप्पू गिरी, सुरेंद्र गिरी, श्री चंद्र अवस्थी, ठाकुर प्रसाद यादव आदि उपस्थित थे।