मिर्जापुर। नगर के लालडिग्गी स्थित मिलन पैलेस में शुक्रवार को मिर्जापुर फ्रेंड्स सोसायटी के तत्वावधान में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण लखनऊ से आये हुए कलाकारों की फूलों की होली रही।
उन्होंने अपनी मनोहारी प्रस्तुतियों से लोगों का मन मोह लिया। राधा कृष्ण की भूमिका में कलाकारों ने उपस्थित लोगों के साथ फूलों की होली खेली। ठंडई, गुझिया और मिठाई के साथ होली के गीतों पर आधी रात तक लोग थिरकते रहे। सभी ने बाद में एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं और बधाई दी। संस्था के अध्यक्ष संतोष गोयल ने कहा होली का यह पर्व समाज में फैली सारी वैमनस्यता को खत्म कर देता है, लोग सारे गिले शिकवे भूलकर एक दूसरे से गले मिलते है। उपाध्यक्ष/प्रवक्ता संजय सिंह गहरवार ने होली की शुभकामनाएं देते हुए यश, वैभव संपन्नता की कामना की। सचिव अनिल बरनवाल ने कहा कि मिर्जापुर फ्रेंड्स सोसायटी का उद्देश्य है कि विभिन्न त्यौहारों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज को उत्सवधर्मी बनाया जाए। कोषाध्यक्ष विवेक बरनवाल ने होली मिलन समारोह में आए हुए लोगों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर संस्था के सक्रिय सदस्य गौरव खेमका, अनुराग जायसवाल, अमित सिंह, मयंक गुप्ता, डॉ तरुण सिंह, अजय जायसवाल, पीयूष जायसवाल, श्रीगोपाल सोनी, मदन गोपाल सोनी, सजंय रैदानी ,अजय शुक्ला आदि थे।