मिर्जापुर। विंध्याचल स्थित रोडवेज परिसर में नमामि गंगे, मतदाता जागरूकता व तंबाकू नियंत्रण पर आयोजित प्रदर्शन का
जिलाधिकारी अनुराग पटेल व मुख्य विकास अधिकारी प्रियंका निरंजन ने शनिवार को उद्घाटन किया। इस दौरान गंगा को साफ रखने की जहां अपील की गई वहीं, मतदान करने के लिए जागरूक भी किया गया।
अधिकारियों ने नमामि गंगे प्रदर्शनी का भ्रमण कर अवलोकन किया। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद भी उठाया। जिलाधिकारी ने कहा कि नमामि गंगे प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य है कि पतित पावनी अविरल गंगा के संरक्षण व उसके स्वच्छता के लिये गंगा को साफ- सुथरा रखा जाए। सभी लोगों से अपील भी की कि गंगा में पॉलिथीन, सड़ा गला कूड़ा- करकट, मल व मरे हुये पशुओं को न फेेेंके ताकि गंगा की पवित्रता बनी रहे। उन्होंने आये हुये सभी दर्शनार्थियों से भी अपील की वे अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। उन्होंने यह भी कहा कि तंबाकू, धुू्रम्रपान आदि का सेवन न करें ताकि कैंसर जैसी बीमारियों से बचा जा सके। सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारम्भ लोक गायाक शिवलाल गुप्ता व अमर नाथ के गीतों से हुआ। दोनों कलाकारों ने देवी,गीत, कजरी, चैता पर आधारित स्वच्छ गंगा निर्मल गंगा, तम्बाकू नियंत्रण व मतदाता जागरूकता पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत किया। इसी क्रम में जटाशंकर ने चौलर नृत्य व नुक्कड़ नाटक के द्वारा तम्बाकू नियंत्रण व गंगा को साफ रखने पर आधारित लोकनृत्य प्रस्तुत किया। लोकगायक बनारसी निषाद ने भी गीत प्रस्तुत किया। इससे पहले जिला सूचना अधिकारी ओम प्रकाश उपाध्याय ने जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट व एआरटीओ सहित अन्य सभी अधिकारियों को पुष्पगुच्छ प्रदान कर व माल्यार्पण कर स्वागत किया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी यूपी सिंह, नगर मजिस्ट्रेट सुशील लाल श्रीवास्तव, एआरटीओ प्रशासन अल्का शुक्ला सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।