जिगना। छानबे क्षेत्र के बघेड़ा खुर्द स्थित माला बालिका इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर उस समय हड़कंप मचा, जब हाईस्कूल की परीक्षा देने आई छात्रा ने परीक्षा में बैठने की जिद पर अड़ी रही। बहरहाल उसे परीक्षा केंद्र से बाहर कर दिया गया। बाहर निकलने के बाद गेट के पास अपने परिजनों के साथ वह रोती रही।
प्रयागराज जनपद के मांडा थाना निवासी पयागपुर रमगढ़वा की आरती पुत्री जिवबुझावन जिगना थाना क्षेत्र के अमान्य विद्यालय मेवालाल जूनियर हाईस्कूल चितौली में नामांकन कराया था। उसे परीक्षा केंद्र बघेड़ा खुर्द स्थित माला बालिका इंटर कालेज बताया गया था और प्रवेश पत्र भी वहीं देने की बात कहकर छात्रा को लाया गया था। जब छात्रा को पता चला कि न तो उसका प्रवेश पत्र आया है और न ही उसका परीक्षा केंद्र ही है तो वह परीक्षा में बैठने की जिद करने लगी। छात्रा को किसी तरह केंद्राध्यक्ष ने समझाबुझाकर बाहर किया। छात्रा और उसके परिजन अपने को ठगा महसूस कर रहे हैं। छात्रा ने बताया कि उससे पैसा आदि ऐंठने वाला कथित प्रबंधक इसी परीक्षा केंद्र पर कक्ष निरीक्षक का कार्य देख रहा है।