मिर्जापुर। निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद पार्टी) ने गुरुवार को मिर्जापुर जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद ने गाजीपुर में हुई घटना का जिम्मेदार भाजपा को ठहराया। कहा कि एक हेड कांस्टेबल को खोने का गम पार्टी को भी है। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।
संजय निषाद ने कहा कि मोदी व योगी ने निषादों को वोट लेकर छलने का काम किया। कहा, अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र देने का वायदा किया था लेकिन वोट लेने के बाद धोखा दिया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश के सीएम जब सांसद थे तो उन्होंने सदन में आवाज उठाई थी कि निषाद समाज की सभी उप जातियां जो संविधान सूची में हैं, उन्हें वाजिब हक मिलना चाहिए। कहा कि सात जून 2015 को रेल रोको आंदोलन के समय योगी जी ने अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र जारी कराने की बात कही थी। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि निषाद समाज अपना हक व अधिकार लेकर रहेगा। प्रदर्शन के दौरान हरिभगवान बिंद ने कहा प्रदेश में वर्तमान सरकार तुष्टिकरण की नीति अपनाकर समाज को तोड़ने व आपसी मतभेद पैदाकर रही है। जिला पंचायत सदस्य व नेता तुलसीदास बिंद ने कहा गाजीपुर में भाजपा निर्दोषों को फंसाकर समाज में भय पैदाकर रही है। दशरथ केवट, मोहनलाल बिंद, रामपति, जसवंत, घनश्याम केवट आदि मौजूद रहे।