मड़िहान। विकास खंड पटेहरा क्षेत्र के सहकारी समिति पथरौर की उपशाखा पटेहरा कला गांव स्थित भवन पर एक व्यक्ति द्वारा कब्जा करने पर क्षेत्रीय किसानों के विरोध पर प्रभारी सचिव ने शुक्रवार को इसकी शिकायत उपजिलाधिकारी से की है।
क्षेत्रीय किसानों को खाद बीज मुहैया कराने के लिए पथरौर में सहकारी समिति भवन बना है। दूर के किसानों को असुविधा न हो इसलिए उपशाखा पटेहरा कला में भवन का निर्माण करा दिया गया। कुछ दिनों तक क्षेत्रीय किसानों को खाद बीज मुहैया कराया गया। किंतु कर्मचारियों के अभाव में उपशाखा बंद हो गई। दो दशक पूर्व ब्लाक प्रमुख चुनाव में दो पक्षों में विवाद के चलते गांव में महीनों पीएसी रही थी। पीएसी जाने के बाद समिति भवन में पटेहरा के नाम से अस्थायी पुलिस चौकी खोल दी गई। समिति के भवन में पंद्रह वर्ष तक पुलिस का कब्जा रहा। दीपनगर में स्थाई भवन के बाद पुलिस चौकी हट गई। लेकिन खाली होने के बाद अब भवन पर दूसरे व्यक्ति ने कब्जा कर लिया। सविता यादव एसडीएम मड़िहान का कहना है कि शिकायत मिली है। तहसीलदार एवं पुलिस की संयुक्त टीम से जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।