मिर्जापुर। जिलाधिकारी बिमल कुमार दूबे ने अधिकारियों को हिदायत दी कि वे जन सुनवाई में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लें और उनका जल्द निस्तारण करें। उन्होंने कहा कि जिले के नोडल प्रमुख सचिव महेश चंद्र गुप्ता का जल्द ही दौरा हो सकता है। समीक्षा बैठक में सरकार की प्राथमिकता वाले कार्यों की समीक्षा करेंगे। इसकी तैयारी जरूरी है।
जिलाधिकारी ने कहा कि अफसर अपने-अपने विभाग के विकास कार्यों में तेजी लाएं। सुनिश्चित करें कि कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में कहीं कोताही न हो। योजनाओं के क्रियान्वयन में उदासीनता बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। निर्माण कार्यों को समय से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने विभागों द्वारा संचालित योजनाओं को स्थलीय निरीक्षण करें जिससे योजनाओं के संचालन में अपेक्षित गति आ सके। जिलाधिकारी ने कहा कि जन सुनवाई के सभी प्रकरणों को प्रत्येक दशा में निस्तारण करें। साथ ही तहसील दिवस को पूर्ण समाधान दिवस बनाने के लिए सभी अधिकारी युद्धस्तरीय प्रयास करें। उन्होने अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देश दिया कि शहर में 24 घंटे तथा ग्रामीण क्षेत्र में 48 घंटे के अंदर क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर को हर हाल में बदलें। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. उमेश यादव को निर्देश दिया कि स्वास्थ विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाएं। सभी अधिकारी कार्यालय का 15 दिनों में स्वयं निरीक्षण करें तथा एक निरीक्षण रजिस्टर बनवाये। उन्होने फसल ऋण मोचन योजना की किसानों को मिलने वाली सहायता वितरण कराने के लिए संबंधित अधिकारी को निर्देश दिया। बैठक में एसडीएम अविनाश त्रिपाठी, पीडी हरिचरण सिंह, डीसी मनरेगा अनन्य कुमार, डीएसटीओ संतोष कुमार आदि मौजूद रहे।