मिर्जापुर। देहात कोतवाली क्षेत्र के भिस्कुरी अटारी हाईवे पर मंगलवार को सुबह चार बजे पिकअप सवार कांवड़ियां गूगल मैप पर विंध्याचल जाने का रास्ता देख रहे थे, तभी पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप सवार 11 कांवड़िया घायल हो गए। घायलों को ट्राॅमा सेंटर मिर्जापुर लाया गया। इलाज के बाद उन्हें दूसरे वाहन से घर भेजा गया।
कुशीनगर जिले के कसया थाना क्षेत्र के 18 कांवड़ियों को समूह पिकअप से सोनभद्र के शिवद्वार जलाभिषेक करने गया था। मंगलवार की सुबह दर्शन-पूजन करने के बाद कांवड़िये विंध्याचल जा रहे थे। देहात कोतवाली के बरकछा वाराणसी-रीवा हाईवे पर पिकअप खड़ी करके गूगल मैप से रास्ता देख रहे थे। इसी बीच पीछे से ट्रक ने पिकअप पर टक्कर मार दी, जिससे 11 कांवड़िये घायल हो गए।
हादसे की जानकारी पाकर देहात कोतवाली पुलिस और सीओ सदर अमर बहादुर पहुंचे। घायल गुलाब कुशवाहा (46), फुलकुमारी (40), शिवनाथ (65), छेदी कुशवाहा (63), पुन्ना पटेल (45), मनीष (13), स्वामीनाथ पटेल (46), दुर्गावती (50), नीतू कुमारी (18), देवी (45), रविंद्र रावत (50) को ट्राॅमा सेंटर मिर्जापुर लाया गया। एडीएम अजय कुमार सिंह और एएसपी सिटी नितेश सिंह ने ट्राॅमा सेंटर पहुंच कर घायलों का हाल जाना। देहात कोतवाल सदानंद सिंह ने बताया कि बरकछा के पास पिकअप चालक विंध्याचल जाने के लिए गूगल मैच पर रास्ता देख रहा। इसी बीच पीछे से ट्रक ने पिकअप पर टक्कर मार दी।
सीओ सदर अमर बहादुर ने बताया कि ट्रक की टक्कर से 11 कांवड़िये घायल हो गए, जिनका कराया कराया गया। इसके बाद उन्हें दूसरे वाहन से घर भेजा गया है। ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।