युवाओं को गांव में ही मिले रोजगार: कुलपति
मोदीपुरम (मेरठ)। सरदार बल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी पर अंतरराष्ट्रीय सेमिनार हुआ। उद्घाटन कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. आरके मित्तल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। वेबिनार का आयोजन सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, हाईटेक हॉर्टिकल्चर सोसायटी एवं सोसायटी फॉर रीसेंट डेवलपमेंट इन एग्रीकल्चर के सौजन्य से किया गया।
अध्यक्षता करते हुए कुलपति डॉ. आरके मित्तल ने कहा कि देश की जनसंख्या लगातार बढ़ रही है। इसके लिए खाद्यान्न उत्पादन मूल्य कराना एक चुनौतीपूर्ण कार्य है। उन्होंने बताया की हाई क्वालिटी इंस्टीट्यूशंस लीडरशिप का होना भी बहुत जरूरी है। युवाओं को गांव में रोककर उनको रोजगार उपलब्ध कराना भी जरूरी है। जिससे युवा गांव से जुड़कर खेती को करें और उसे लाभ कमाकर अपने जीवन यापन को अच्छी तरह से चला सके।
केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय झांसी के कुलपति डॉ. अरविंद कुमार विशिष्ठ अतिथि रहे। एग्रीकल्चर कमिश्नर भारत सरकार डॉ. एसके मेहरोत्रा, एडिश्नल डिप्टी डायरेक्टर जनरल आईसीएआर डॉ. पीएस पांडे, डॉ. रणधीर सिंह, डीन डॉ. बिजेंद्र सिंह ने कुलसचिव डॉ. बीआर सिंह ने भी विचार रखे। संचालन आईआईएफएसआर की वैज्ञानिक डॉ. पूनम कश्यप ने किया।
डॉ. आरके मित्तल को हुकुम सिंह मेमोरियल अवार्ड मिला
मोदीपुरम। कृषि के विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने के लिए कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. आरके मित्तल को हुकुम सिंह मेमोरियल अवॉर्ड 2020 पुरस्कार हाईटेक हॉर्टिकल्चर सोसायटी एवं प्रेरणा फाउंडेशन द्वारा दिया गया। डॉ. अरविंद कुमार कुलपति रानी लक्ष्मी बाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय झांसी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड 2020 और डॉ. एसके मेहरोत्रा को भी लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड 2020 से पुरस्कृत किया गया। फेलोशिप अवार्ड 2020 वाइस चांसलर चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर डॉ. डीआर सिंह, पूर्व कुलपति सैफई मेडिकल कॉलेज इटावा डॉ. राजकुमार, डायरेक्टर एलएनजेपी अस्पताल नई दिल्ली डॉ. विनोद कुमार को दिया गया। डॉ. पूनम कश्यप आईआईएफएसआर को गोल्ड मेडल तथा प्रो. शमशेर को फेलोशिप अवार्ड तथा डॉ. विपिन कुमार को गोल्ड मेडल अवार्ड 2020 प्रदान किया गया।