पेड़ कटने से घटती जा रही है संख्या
एक समय था जब गौरैया गांवों-शहरों के हर घर में फुदकती नजर आती थी। गर्मियों में पानी के आसपास चहल कदमी करने वाली वो नन्ही चिड़िया अब कहीं- कहीं ही दिखाई देती है। पेड़ों के काटे जाने और घरों के आसपास का माहौल बदलने के कारण उनकी संख्या लगातार घटती जा रही है। गौरैया को बचाने के लिए पहल नहीं की तो वह दिन दूर नहीं जब गौरैया सिर्फ किताबों-कहानियों में ही याद बनकर रह जाएगी।
ईमेल और व्हॉट्सएप पर दें सूचना, लोकेशन बताएं
डीएफओ राजेश कुमार ने बताया कि गौरैया के संरक्षण के लिए सबसे पहले उसके रहवास को चिह्नित करना होगा। ऐसे में लोगों से कहा गया है कि अगर कहीं गौरैया का घोंसला है या फिर वो अकसर आती है तो उसका फोटो खींचकर ईमेल आईडी या व्हॉट्सएप पर भेज दें। इसमें वहां का पूरा पता लिखें, अगर जीपीएस लोकेशन भेज दी जाए तो और बेहतर होगा।
अगर कहीं पेड़ पर उसका घोंसला है तो उसके बारे में भी पूरी जानकारी दें। जिससे उनका वहां पर तो संरक्षण कराया ही जा सके। साथ ही उसको वहां का माहौल क्यों भा रहा है, ये देखकर दूसरी जगहों पर भी ऐसा माहौल बनाया जा सके। मेरठ समेत कई दूसरे जिलों से घोंसलों के बारे में जानकारी दी जा चुकी है। इसके लिए वन विभाग की ईमेल आईडी forestmeerut@gmail.com और डीएफओ के सीयूजी नंबर 7839435168 पर व्हॉट्सएप किया जा सकता है।