मेरठ मेडिकल थाने में शनिवार को मेरठ कॉलेज के प्रोफेसर को पत्नी ने चप्पल से पीटने का प्रयास कर दिया। दिनभर पति व पत्नी के बीच हंगामा चलता रहा। पुलिस वहां पर तमाशबीन बनी रही। पुलिस ने बताया है कि पत्नी ने प्रोफेसर पर मारपीट के कई मुकदमे दर्ज कराए हैं।
मेरठ कॉलेज के एक प्रोफेसर का पत्नी के साथ छह साल से विवाद चल रहा है। पत्नी का आरोप है कि प्रोफेसर उसे जरूरी खर्च भी नहीं देता है। इसके चलते वह और उसकी बेटी परेशान हैं। उसके साथ कई बार प्रोफेसर पति मारपीट कर चुका है। इसकी रिपोर्ट थाने में दर्ज है।
महिला की शिकायत पर शुक्रवार रात मेडिकल पुलिस प्रोफेसर को थाने लाई। पति और पत्नी के बीच पुलिस ने समझौता कराने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। पुलिस ने कॉलेज के प्रोफेसरों के कहने से रात में प्रोफेसर को छोड़ दिया था।
शनिवार को महिला ने थाने में आकर प्रोफेसर पर कार्रवाई करने की मांग करते फिर हंगामा किया। दो घंटे बाद प्रोफेसर थाने में पहुंचे। यहां दोनों में विवाद हो गया।
इंस्पेक्टर मेडिकल प्रमोद कुमार गौतम ने बताया कि महिला ने चप्पल निकाली और पति को पीटने का प्रयास किया। प्रोफेसर के साथ आए कई लोगों ने महिला को शांत किया। एसपी सिटी विनीत भटनागर का कहना है कि यह मामला परिवार परामर्श केंद्र में भेजा जाएगा।