कोटद्वार से वाया देवबंद, मुजफ्फरनगर और मेरठ से होते हुए दिल्ली के बीच जल्द ही नई ट्रेन का संचालन शुरू होगा। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने संसद सदस्य अनिल बलूनी को ट्रेन संचालन के संबंध में स्वीकृति पत्र भेजा है। अमर उजाला ने 17 सितंबर के अंक में कोटद्वार से दिल्ली के बीच नई ट्रेन का संचालन जल्द शुरू होने की खबर प्रकाशित की थी।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की ओर से संसद सदस्य अनिल बलूनी को इस ट्रेन संचालन का स्वीकृति मिलने का पत्र भेजा है। रेल मंत्री ने कहा कि उनकी मांग पर ट्रेन संचालन को रेल मंत्रालय ने स्वीकृति प्रदान की है। बता दें कि नई ट्रेन की स्वीकृति मिलने से देवबंद, मुजफ्फरनगर और मेरठ के लिए सीधी ट्रेन मिलेगी।
मेरठ बार एसोसिएशन के महामंत्री विनोद कुमार चौधरी ने बताया कि पंडित नानक चंद सभागार में मेरठ बार एसोसिएशन व जिला बार एसोसिएशन की बैठक हुई। इसमें मेरठ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुंवरपाल शर्मा जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष शिवदत्त जोशी और महामंत्री विमल कुमार तोमर भी मौजूद रहे। बैठक में निर्णय लिया गया कि अब न्यायिक कार्य पूर्व की भांति होगा।
सहारनपुर जनपद के नागल क्षेत्र में मेयर और पार्षदों की बैठक में मेरठ भाग लेने जा रहे सहारनपुर मेयर डॉक्टर अजय सिंह के काफिले में शामिल कार मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे पर टायर फटने के बाद दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गई।
दुर्घटना में सहारनपुर नगर निगम के वार्ड 14 के पार्षद राकेश कल्याण और वार्ड 12 की पार्षद सीमा कात्यानी के भाई घायल हो गए। हादसा बृहस्पतिवार की दोपहर नागल थाना क्षेत्र में गांव खटोली के पास हुआ।
घायलों को उनके साथी पहले तल्हेड़ी बुजुर्ग स्थित एक निजी चिकित्सक के पास ले गए। जहां प्राथमिक उपचार देने के बाद उन्हें मेडीग्राम सहारनपुर ले जाया गया। हादसे के बाद नागल थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना के बारे में जानकारी ली।
मेरठ के दौराला थानाक्षेत्र में लोईया गांव में पीओपी का कार्य कर सरकारी हैंडपंप पर हाथ धो रहे दो भाइयों पर गांव निवासी एक युवक ने फायर झोंक दिया। घटना में एक युवक छर्रे लगने से घायल हो गया। पीड़ित ने थाने पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
दशरथपुर निवासी अमन ने बताया कि उसका भाई प्रियांशु लोईया गांव में सुरेश के मकान पर पीओपी का कार्य कर रहा है। गुरुवार को अमन भी छोटे भाई के साथ पीओपी करने गया हुआ था। कार्य खत्म करने के बाद दोनों भाई सुरेश के घर के बाहर लगे सरकारी हैंडपंप पर हाथ धो रहे थे।
आरोप है कि इस दौरान गांव निवासी एक युवक वहां पहुंचा और हाथ धोने का विरोध करते हुए गाली- गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने उन पर फायर झोंक दिया। घटना में दोनों भाई बाल-बाल बच गए।
हालांकि, प्रियांशु छर्रे लगने से घायल हो गया। आरोपी ने दोनों पर धारदार हथियार से हमला भी किया। किसी तरह दोनों भाई जान बचाकर वहां से भाग निकले। पीड़ित ने थाने पहुंचकर मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने घायल को सीएचसी दौराला में उपचार दिलाया। पुलिस तहरीर के आधार पर जांच में जुट गई है।
सड़क हादसे में युवती की मौत, मां और बहन घायल
सहारनपुर में मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे पर ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से स्कूटी टकराने से युवती की मौत हो गई, जबकि उसकी मां और बहन घायल हो गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भर्ती कराया।
थाना नागल के गांव भाटखेड़ी निवासी अन्नू 25 पुत्री बाबूराम अपनी मां गुड्डी व बहन आरती के साथ स्कूटी पर हरिद्वार के लक्सर से वापिस लौट रही थी। बृहस्पतिवार की शाम करीब चार बजे जैसे ही गागलहेड़ी मुजफ्फरनगर रोड स्थित दया शुगर मिल के पास पहुंची तो इनकी स्कूटी आगे चल रही ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में अन्नू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बहन और मां गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजा। घायलों को हरोड़ा सीएचसी भर्ती कराया गया। प्रभारी निरीक्षक सुनील नागर ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
सहारनपुर में भिड़े दो पक्ष, पथराव
सहारनपुर के नवाबगंज में मकान का लेंटर डालने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। जिनके बीच पथराव भी हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।
नवाबगंज निवासी एक व्यक्ति मकान का निर्माण कर रहा है। बृहस्पतिवार शाम मकान का लेंटर डाल रहा था। इसी दौरान दूसरे पक्ष ने इसका विरोध किया और निर्माण को अवैध बताया। तभी दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद पथराव शुरू हो गया। जिससे वहां पर भगदड़ मच गई। पता चलने पर नगर कोतवाली प्रभारी नीरज कुमार मौके पर पहुंचे। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पथराव में कोई घायल नहीं है। स्थिति को संभाल लिया गया है। देर रात तक किसी भी पक्ष की तहरीर नहीं मिली थी।