बीएसएनएल पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 600 टावर अपग्रेड करने जा रहा है। इससे जहां सिग्नल बेहतर होंगे। वहीं, ग्राहकों को कॉल ड्रॉप और नेटवर्क समस्या से निजात मिल सकती है।
यह बात बीएसएनएल के पश्चिमी उत्तर प्रदेश परिमंडल के मुख्य महाप्रबंधक राजीव कुमार ने मंगलवार को प्रेस कांफ्रेंस में कही। उन्होंने बताया कि सिग्नल की समस्या को ड्राइव टेस्ट के जरिए चेक किया जा रहा है। फीड बैक आ रहे हैं। टावर अपग्रेड होने से शहर ही नहीं दूरदराज के क्षेत्र में भी नेटवर्क मजबूत होगा।
शहर के कैंट इलाके में नेटवर्क की समस्या पर उन्होंने कहा कि आसपास टॉवर की संख्या या लगे टॉवर को अपग्रेड किया जाएगा। उन्होंने ग्राहकों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए दूर करने की बात कही। प्रेस वार्ता में महाप्रबंधक प्रशासन एवं मानव संसाधन सौरभ त्यागी, महाप्रबंधक सीएसए अरुण कुमार, महाप्रबंधक वित्त शैलेंद्र भारद्वाज, महाप्रबंधक मोबाइल एसके सिंह, महाप्रबंधक मार्केटिंग एसके प्रजापति आदि मौजूद रहे।
49 रुपये में लैंड लाइन की सुविधा
बीएसएनएल ने 49 रुपये महीने में लैंड लाइन की सुविधा शुरू की है। रात नौ बजे से सुबह सात बजे तक की गई सभी कॉल्स मुफ्त रहेंगी। रविवार को पूरे दिन की गई कॉल मुफ्त होंगी। शुरू में अमानत राशि 500 रुपये और टेलीफोन इंस्ट्रूमेंट का 600 रुपये का खर्च है। कनेक्शन के साथ प्री पेड सिम मुफ्त दिया जाएगा। मुख्य महाप्रबंधक ने बताया कि मोबाइल उपभोक्ता कॉल को लैंडलाइन पर फ्री में ट्रांसफर कर सकते हैं। ब्रांडबैंड में डाउनलोड स्पीड 512 केबीपीएस से बढ़ाकर एक एमबीपीएस कर दी गई है। आकर्षक ऑफर भी हैं। रविवार को 150 रुपये के टॉपअप पर फुल टॉकटाइम है। 220 रुपये के टॉपअप पर फुल टॉक टाइम है। प्रीपेड से पोस्टपेड में 225 रुपये से अधिक के प्लान में ट्रांसफर कराने पर एक महीने का किराया माफ है।