उत्तराखंड डिपो की बस ने परतापुर में हाईवे पर एक बाइक सवार युवक को कुचल दिया। गुस्साए लोगों ने हंगामा कर बस में तोड़फोड़ की कोशिश की। पुलिस ने बस कब्जे में लेकर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के गणेशपुरी निवासी मनीष (26) पुत्र राधेश्याम मंगलवार सुबह बाइक से गाजियाबाद जा रहा था।
हाईवे पर वासु ऑटोमोबाइल के पास पीछे से आई हल्द्वानी डिपो की बस ने बाइक टक्कर मार दी। इससे मनीष गिर गया और बस उसे कुचलते हुए निकल गई। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया। गुस्साए लोगों ने बस में तोड़फोड़ की कोशिश की। उनका कहना था कि चालक काफी तेज बस चला रहा था। इस दौरान हाईवे पर यातायात बाधित हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और यातायात सुचारु किया। पुलिस बस को कब्जे में लेकर थाने ले गई। एसओ परतापुर ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
छह महीने पहले ही हुई थी शादी
मनीष के पिता रिक्शा चलाते हैं। करीब छह महीने पहले ही मनीष की शादी हुई थी। मनीष की मौत के बाद पूरे परिवार में कोहराम मचा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं हादसे के वक्त युवक ने हेलमेट तो पहना था, लेकिन बस की टक्कर लगते ही वो निकल कर गिर गया।