स्टेडियम में जिम के साथ वेटलिफ्टिंग भी किया बंद
मेरठ। कैलाश प्रकाश स्टेडियम में वेटलिफ्टिंग का अभ्यास रुक गया है। शासन की गाइडलाइन के अनुसार जिम खोलने पर रोक लगी है। स्टेडियम में जिम हाल के बराबर में वेटलिफ्टिंग हॉल संचालित होता है। ऐसे में स्टेडियम प्रशासन ने जिम के साथ वेटलिफ्टिंग हॉल पर भी ताला जड़ दिया।
शुक्रवार को खिलाड़ी और कोच सत्यप्रकाश राघव अभ्यास करने पहुंचे तो वहां ताला बंद मिला। कोच ने बताया वह खिलाड़ियों के साथ आरएसओ से मिले, लेकिन कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। कोच ने बताया वेटलिफ्टिंग हॉल को बंद करने का कोई निर्देश नहीं आया है। खिलाड़ी हॉल के बाहर इंतजार कर लौट आए। आरएसओ से संपर्क करने के लिए कई बार फोन मिलाया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।