आकाशीय बिजली गिरने से महिला की मौत, बच्ची झुलसी,
बागपत के खट्टा प्रहलादपुर गांव मे बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के दो महिलाएं व बच्ची झुलस गए। घायलो को उपचार के लिए एक नर्सिग होम में भर्ती कराया, जहां हालत बिगड़ने पर महिला की मौत हो गई, जबकि अन्य दोनो की हालत गंभीर बनी हुई है।
खट्टा प्रहलादपुर निवासी पुष्पा (40) पत्नी बिट्टू, पूजा पत्नी पवन व आठ वर्षीय बच्ची परी पुत्री पप्पू एक ही परिवार के सदस्य हैं। बुधवार दोपहर यह दोनों महिलाएं घर पर काम कर रही थी और बच्ची खेल रही थी। इसी दौरान अचानक बारिश में आकाशीय बिजली उनके घर पर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से दोनो महिला व बच्ची गंभीर रूप से झुलस गए।
परिजन गंभीर हालत में तीनों को बागपत के एक नर्सिग होम में ले गए जहां हालात बिगड़ने पर पुष्पा की मौत हो गई, जबकि अन्य दोनो की हालत गंभीर बनी हुई है। महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पीड़ित परिवार को सांत्वना देने के लिए उनके घर पर लोगो की भीड़ लगी रही।
बिजनौर जनपद में आंधी के साथ बारिश ने मौसम का मिजाज नरम कर दिया। यहां शाम पांच बजे तेज आंधी शुरू हो गई। आंधी से धूल के गुब्बार उठ गए। आंधी के बाद शहर की बिजली गुल हो गई। कई जगह पेड़ भी गिर गए।