जून में इस बार जुलाई वाली गर्मी पड़ने से लोगों का बुरा हाल था। शनिवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और हल्की बूंदाबांदी से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। रविवार को भी कई स्थानों पर दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर में कुछ देर के लिए धूप जरूर निकली परंतु ठंडी हवा के चलते धूप का असर कम रहा।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि शनिवार रविवार को प्री-मानसून की बारिश हुई। जिससे उमस भरी गर्मी से राहत मिली। मौसम कार्यालय पर शनिवार को दिन का अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता अधिकतम 73 व न्यूनतम 46 प्रतिशत दर्ज की गई। हवा चार किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली, जबकि बारिश 0.2 मिमी दर्ज की गई। मेरठ का औसत एक्यूआई 154 दर्ज किया गया।
तेजी से बन रहे सिस्टम के कारण इस बार मानसून के वक्त से पहले आने के आसार हैं। रविवार को प्री-मानसून की बारिश के कारण उमस व बढ़ते तापमान से लोगों को राहत मिली। एक-दो दिन इसी तरह का मौसम बने रहने के आसार हैं।-डॉ. एन सुभाष, मौसम वैज्ञानिक, आईआईएफएसआर