पश्चिमी विक्षोभ के चलते अगले पांच दिन जम्मू कश्मीर, हिमाचल व उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में मध्यम से वर्षा के आसार हैं। उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों पंजाब, हरियाणा, उत्तरी पूर्वी राजस्थान व पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, शामली व उसके आसपास के कई स्थानों पर आज व 16 अक्तूबर को बारिश की संभावना है। अन्य जिलों में बूंदाबांदी होगी।
इसके साथ ही रात और दिन के जारी तापमान में धीरे धीरे गिरावट का सिलसिला तेजी से बढ़ेगा और तापमान तेजी से नीचे गिरेगा। इसी के साथ गुलाबी ठंड शुरू हो जाएगी।
17 को साफ रहेगा मौसम
सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तापमान में दो से चार डिग्री की गिरावट होगी, जिससे गुलाबी ठंड का आरंभ होगा। 17 अक्तूबर से मौसम पूरी तरह साफ रहने की संभावना है।
एक्यूआई बढ़ा, मुजफ्फरनगर देश में सबसे प्रदूषित
दिल्ली एनसीआर के शहरों में एक बार फिर से आबोहवा बिगड़ने लगी है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के चार शहर रविवार सुबह ही वायु प्रदूषण की खराब स्थिति में पहुंच गए। सुबह 9 बजे तक की रिपोर्ट के अनुसार, पूरे देश में मुजफ्फरनगर सबसे प्रदूषित शहरों में टॉप पर है। फसल कटाई चालू हो चुकी है, ऐसे में आने वाले दिनों में प्रदूषण की स्थिति और खराब हो सकती है।