पश्चिमी यूपी में रविवार दोपहर कहीं बूंदाबांदी हुई तो कहीं पर धूप खिली रही। सोमवार को भी सुबह से ही चटकीली धूप निकली। हालांकि आसमान पर बालद छाए रहे लेकिन बारिश नहीं हुई। रविवार को हुई बूंदाबांदी के बीच भी उमस का असर कम नहीं हुआ। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार लोकल स्तर पर दबाव कम होने से कहीं-कहीं बारिश हो रही है, जो अच्छे मानसून के लिए ठीक स्थिति नहीं है।
विज्ञापन
रविवार सुबह से ही आसमान पर काले बादल छाए थे, जिन्हें देखकर अच्छी बारिश के आसार लग रहे थे। दोपहर में दो से तीन बजे के बीच शहर के कुछ हिस्सों में बारिश हो गई। बाईपास पर भी बारिश अच्छी रही लेकिन ज्यादातर हिस्से सूखे ही रहे।
शाम होते-होते आसमान साफ हो गया। मौसम कार्यालय पर दिन का अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री व रात का न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिन के तापमान में 6 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। वहीं रविवार को मेरठ का एयर क्वालिटी इंडेक्स 54 दर्ज किया गया।
कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि बारिश का सिस्टम बन रहा है, लेकिन लोकल स्तर पर दबाव कम होने से बारिश कहीं-कहीं हुई है। अभी अच्छी बारिश के लिए इंतजार करना पड़ेगा। अच्छे मानसून के लिए इस तरह की स्थिति ठीक नहीं है।
पिछले सात दिन का तापमान
तारीख अधिकतम न्यूनतम
4 37.2 25.6
5 36.0 25.6
6 37.0 25.4
7 37.1 26.1
8 37.6 26.3
9 29.4 26.0
10 35.3 23.9