सीवर नहीं तो वोट भी नहीं, अक्षरधाम कालोनी में लगाया बैनर
मोदीपुरम। अक्षरधाम कॉलोनी के लोगाें ने मंगलवार को सीवर लाइन की मांग के लिए प्रदर्शन किया। लोगों ने कॉलोनी के गेट पर ‘सीवर नहीं वोट नहीं’ का बैनर लगाया। कॉलोनी निवासी डॉ. आरएस सेंगर, अमित बालियान, पूर्व अध्यक्ष ऋषि शर्मा और हरेंद्र शर्मा ने बताया कि कॉलोनी के निर्माण के बाद से ही लोग सीवर लाइन की मांग कर रहे हैं।
आरोप है कि बिल्डर विकास जैन से कई बार सीवर लाइन की मांग की जा चुकी है और लोग लगातार एमडीए से भी शिकायत कर रहे हैं। कई वर्ष बाद भी कॉलोनी में सीवर लाइन की व्यवस्था नहीं हो पाई है। इस कारण लोगों को दिक्कत हो रही है।
क्षेत्र के लोगों ने मंगलवार को विरोध जताते हुए कॉलोनी के मुख्य गेट पर बैनर लटका दिया। लोगों ने एमडीए व बिल्डर विकास जैन पर मिलीभगत का आरोप लगाया है। लोगों ने चेतावनी दी है कि जब तक सीवर लाइन नहीं लगाई जाती वह वोट नहीं देंगे।