मां को पीटा... कहता था जंगली इसलिए कर दी दीपक की हत्या
सरधना। अटेरना गांव निवासी दीपक की हत्या के मामले का रविवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया। दो हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। सीओ आरपी शाही ने बताया कि मृतक दीपक ने आरोपी जितेंद्र की मां को मारपीट कर घायल कर दिया था, जबकि सूर्य उर्फ सूर्यकांत को दीपक जंगली आदि शब्द कहकर चिढ़ाता था। इन्हीं कारणों के चलते जितेंद्र और सूर्यकांत ने मिलकर दीपक की हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार, 29 नवंबर की शाम जितेंद्र और सूर्यकांत ने खेतों में देवस्थान के पास पहले दीपक को शराब पिलाई थी। नशे में होने के बाद उसकी गर्दन पर चाकू से वार कर हत्या कर दी। इसके बाद दोनों साइकिल पर दीपक का शव लादकर गंगनहर पुल पर ले गए थे और शव नहर में फेंक दिया था। वहीं, गंगनहर पुल से अटेरना गांव की और कुछ दूरी पर साइकिल व चाकू को छुपा दिया था, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया।
एसपी देहात केशव कुमार का कहना है कि दीपक का शव अभी बरामद नहीं हुआ है। दो आरोपियों ने हत्या की वारदात करना कुबूल किया है। उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। शव बरामद करने का प्रयास जारी है।
यह था मामला
अटेरना निवासी दीपक (22) पुत्र दिनेश उर्फ धन्नी 29 नवंबर की शाम लापता हो गया था। सुराग न मिलने पर ताऊ सुरेश ने एक दिसंबर को गुमशुदगी दर्ज कराई थी। 6 दिसंबर को गांव के ही जॉनी के खेत में दीपक की चप्पल और खून पड़ा मिला था, लेकिन आसपास कहीं भी शव नहीं मिला। चाचा समय सिंह उर्फ भोलू ने दीपक की हत्या की आशंका जताते हुए गांव के ही जितेंद्र व यादव पुत्र राजेंद्र समेत अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। बताया कि दीपक को 29 की शाम गांव के ही सूर्य उर्फ सूर्यकांत के साथ देखा गया था। पुलिस ने जितेंद्र और सूर्यकांत की मोबाइल कॉल डिटेल खंगाली तो पता चला कि दोनों के 29 नवंबर को पांच-छह बार बातचीत हुई थी। कुछ देर के लिए दोनों के मोबाइल नंबर स्विच ऑफ भी हुए। दोनों पर शक गहरा गया। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो मामले को खुलासा हो गया।