मेरठ के टीपीनगर में बच्चों के विवाद में परिवार पर घर में घुसकर हमला कर दिया गया। पीड़ित ने आरापियों पर जातिसूचक शब्द कहे जाने का भी आरोप लगाया है। वहीं गुस्साए लोगों ने एसपी सिटी कार्यालय घंटाघर पर एकत्र होकर हंगामा कर दिया।
मेरठ के टीपी नगर थाना क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद वाल्मीकि परिवार पर घर में घुसकर हमला कर दिया गया। आरोप है कि हमलावरों ने बुजुर्गों को भी नहीं बख्शा और जातिसूचक शब्द भी कहे। इससे गुस्साए वाल्मीकि समाज के लोग पहले टीपीनगर थाने और उसके बाद एसपी सिटी कार्यालय घंटाघर एकत्र हो गए और हंगामा कर दिया।
विज्ञापन
पीड़ित पक्ष के साथ पहुंचे विनेश विद्यार्थी ने बताया कि शिवपुरा में रहने वाले वाल्मीकि युवक की पत्नी की तबीयत खराब चल रही है। पड़ोस में रहने वाले धर्मेंद्र तोमर नाम के व्यक्ति के बच्चे उनके घर के बाहर खेल रहे थे।
पत्नी की तबीयत खराब होने का हवाला देकर युवक ने जब उन्हें कहीं और जाकर खेलने के लिए टोका तो परिवार के लोग बाहर आ गए और उन्होंने वाल्मीकि परिवार के साथ घर में घुसकर मारपीट कर दी।
बीच-बचाव को आए बुजुर्गों के साथ भी अभद्रता की गई। वह टीपीनगर थाने शिकायत लेकर पहुंचे लेकिन वहां मौजूद एसएसआई ने कार्रवाई करने के बजाए वाल्मीकि परिवार पर ही आरोप लगाते हुए वापस भेज दिया।
एसपी सिटी विनीत भटनागर ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। एसपी सिटी के आश्वासन के बाद वाल्मीकि समाज के लोग लौट गए।