इंचौली थाना प्रभारी योगेंद्र कुमार ने बताया कि रविवार शाम यह किशोर इंचौली क्षेत्र की निवासी प्रेमिका के घर पहुंचा। मोहल्ले में शादी होने के चलते परिवार के लोग वहां व्यस्त थे। किशोर बेसुध हालत में पहुंचा था। ग्रामीणों
ने बताया कि किशोर ने प्रेमिका से कहा कि उसने जहरीला पदार्थ खा लिया है। अब तू भी जहर खा ले। किशोरी ने शोर मचाया तो पड़ोसी वहां पहुंच गए। सूचना पर डायल-112 पुलिस पहुंची। उन्होंने किशोर के पिता को सूचना दी।
पुलिस को दिए बयान में किशोर ने जहर खाने की बात कही। पुलिस ने उसे सीएचसी मवाना में भर्ती कराया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सोमवार दोपहर उसकी मौत हो गई।
किशोर की मां और बहन का रोकर बुरा हाल हो गया। पिता मजदूरी करते हैं। वहीं, लोगों ने बताया कि दो सप्ताह पूर्व प्रेमिका ने भी प्रेमी द्वारा मिलने से मना करने पर जहरीला पदार्थ खा लिया था, उपचार के बाद उसकी जान बच गई थी।
इस मामले में एसपी देहात कमलेश बहादुर ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग का है। पहले किशोरी ने जहर खाया था, रविवार को किशोर ने जहर खा लिया। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। अभी किसी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है।