मेरठ में हाईवे पर दर्दनाक हादसा।
- फोटो : amar ujala
मेरठ जनपद के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून हाईवे पर संस्कृति रिसोर्ट के सामने सोमवार शाम को एक दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रक की चपेट में आने से पल्सर बाइक सवार एक किशोर सहित तीन की मौत हो गई। घटना के बाद चालक मौके से ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
यह हादसा सोमवार की शाम उस वक्त हुआ, जब हरिद्वार की तरफ से आ रहे पल्सर बाइक सवार एक व्यक्ति व महिला और 12 साल के किशोर को ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही तीनों की मौत हो गई।
यह भी पढ़ें: मौत का खौफ: कैंसर ने छीनीं इतनी जिंदगियां, हर तरफ फैला डर... जान की दुश्मन बनी ये बड़ी वजह, सरकार से मदद की गुहार
बताया गया कि टक्कर लगने के बाद ट्रक ने तीनों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। इसके बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक को हटाकर जाम खुलवाया और हाईवे को सुचारू किया।
यह भी पढ़ें: यूपी: कैराना में गरजे सीएम योगी, बोले- किसी अपराधी ने दुस्साहस किया तो दूसरे लोक भेज देंगे
वहीं पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। सीओ दौराला आशीष शर्मा का कहना है कि अभी मृतकों की शिनाख्त नहीं हुई है। मोबाइल नंबर मिला है उसके आधार पर शिनाख्त कराई जा रही है।
मृतकों की हुई पहचान
थाना प्रभारी सुबोध कुमार सक्सेना के अनुसार सड़क हादसे में मरने वालों की पहचान दोघट थाना क्षेत्र के गांव बढ़ल धनोरा के रहने वाले कृष्ण पाल (41 वर्ष) पुत्र इंद्रपाल व उनकी पत्नी मीनू (39 वर्ष) और बेटा अंशुल (11 वर्ष) के रूप में हुई है। ये पल्सर बाइक पर सवार होकर दिल्ली-देहरादून हाईवे से बागपत की तरफ जा रहे थे।