बागपत में रमाला शुगर मिल के क्रय केंद्रों पर तौल नहीं होने से नाराज कई गांवों के किसानों ने सोमवार को कलक्ट्रेट में हंगामा किया और धरने पर बैठ गए। इस दौरान किसानों की गन्ना अधिकारी से नोकझोंक भी हुई। वहीं, रमाला मिल के अधिकारियों को बंधक बनाकर अपने बीच बैठा लिया। किसानों ने एक सप्ताह में व्यवस्था नहीं सुधरने पर कलक्ट्रेट में गन्ना डालने की चेतावनी दी।
बागपत शुगर मिल की क्षमता कम होने के कारण फैजपुर निनाना, फैजल्लापुर, नैथला, बिहारीपुर, सुल्तानपुर हटाना, खेड़ा इस्लामपुर, सरूरपुर कलां, खेड़की में रमाला शुगर मिल के क्रय केंद्र लगाए गए थे। शुगर मिल को शुरू हुए करीब 45 दिन हो गए। वहीं 24 नवंबर को इंडेंट जारी किया गया और एक ही दिन तौल हुई। उसका गन्ना भी क्रय केंद्रों पर पड़ा है। तौल नहीं होने से किसानों का गन्ना खेत में खड़ा है। जिससे गुस्साए इन गांवों के किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में सवार होकर सोमवार को कलक्ट्रेट पहुंचे। वे हंगामा कर धरना देकर बैठ गए। उन्हें समझाने जिला गन्ना अधिकारी अनिल भारती पहुंचे तो उनसे नोकझोंक हुई।
इसके बाद रमाला शुगर मिल के सीसीओ व अन्य अधिकारी पहुंचे। किसानों ने उन्हें बंधक बनाकर अपने बीच में बैठा लिया। वहां किसानों ने कहा कि उनका गन्ना खेतों में खड़ा है। इससे गेहूं की बुआई नहीं हो सकी है। किसानों ने बताया कि कई दिन पहले भी कलक्ट्रेट में हंगामा करने पर समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया था। जिस पर गन्ना अधिकारी अनिल भारती ने एक सप्ताह में समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया।
यह भी पढ़ें: शादी की खुशियों में मातम: भीषण हादसे में पति-पत्नी और बेटी की मौत, कार के उड़े परखच्चे, देखिए दर्दनाक तस्वीरें
वहीं किसानों ने धरना खत्म करते हुए चेताया कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो कलक्ट्रेट में गन्ना लेकर पहुंच जाएंगे। इस दौरान भाकियू के जिलाध्यक्ष नीटू बौक्का, फैजल्लापुर से दिनेश डारेक्टर, विजय, रघुवीर, सुभाष, सरूरपुर से ओमपाल, बिल्लू, चंद्रहास, सहदेव, कालू मैनेजर, महेश, बिहारीपुर से विनोद, फूलकुमार, शीशपाल, देवेंद्र, बिरजू, खेड़ा से ओमवीर, सतपाल, राजेंद्र, राजीव, फैजपुर निनाना से जगवीर, हरपाल, तिसरपाल, सोहनवीर आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: वारदात से दहला इलाका: पहले बच्चों को उतारा मौत के घाट, फिर खुद उठाया खौफनाक कदम, देखें मौके की तस्वीरें