चंडीगढ़ के एक मदरसे में नाबालिग बच्चे के साथ कुकर्म का मामला सामने आया है। आरोप मेरठ के एक शिक्षक पर लगा है। वह मदरसे में उर्दू पढ़ाता है। परिजनों की शिकायत पर मनीमाजरा थाना पुलिस ने पीड़ित का मेडिकल कराया और आरोपी को केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि उनका 13 वर्षीय बेटा आठवीं की पढ़ाई के बाद उर्दू सीखने के लिए मदरसे में जाता था। शुक्रवार सुबह 6 बजे मदरसे में रहने वाले शिक्षक ने एक कमरे में ले जाकर उसके साथ कुकर्म किया। वह चिल्ला ना सके, इसके लिए उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया। बच्चे ने घर पहुंचकर सारा घटनाक्रम परिजनों को सुनाया। परिजन दोपहर 12 बजे थाने पहुंचे और पुलिस को शिकायत दी।
मनीमाजरा थाना प्रभारी रामदयाल और नॉर्थ-ईस्ट डिवीजन के डीएसपी जसबीर सिंह ने मदरसे में पहुंचकर सभी के बयान लेने के साथ बच्चे से पूरी जानकारी ली। बयान दर्ज करने के बाद बच्चे का मेडिकल करवाया गया। उसके बाद मामला दर्ज करके आरोपी मोहम्मद सालिक को गिरफ्तार कर लिया। उसे शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा।