जावेद को इस हालत में अस्पताल लाया गया था, बाद में उसकी मौत हो गई।
- फोटो : अमर उजाला
चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग पर दौराला गंगनहर के पास गोवंश की टक्कर लगने से बाइक पर सवार दंपती सहित तीन लोग घायल हो गए। तीनों को गंभीर हालत में मेरठ रेफर किया गया। इनमें देर रात जावेद की मौत हो गई। पत्नी अलीशा और बहन भूरी की हालत नाजुक है।
घायल भूरी।
- फोटो : अमर उजाला
सरूरपुर थाना क्षेत्र के गांव खेड़ी कलां निवासी 21 वर्षीय जावेद पुत्र गुलफाम, पत्नी अलीशा और बहन भूरी के साथ बृहस्पतिवार शाम चार बजे बाइक पर खतौली मुजफ्फरनगर से घर लौट रहे थे। जब वह दौराला गंगनहर पुल के पास पहुंचे तो सड़क पर घूम रहे निराश्रित गोवंश ने उन्हें टक्कर मार दी। इस कारण उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और पीछे से आ रही पिकअप गाड़ी ने भी टक्कर मार दी। तीनों बाइक से गिरकर घायल हो गए। वहीं, पिकअप वाहन चालक गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया।
घायल अलीशा।
- फोटो : अमर उजाला
बाद में राहगीरों की मदद से घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। यहां से मेरठ रेफर कर दिया गया। रात करीब साढ़े 10 बजे घायल जावेद की उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजन जावेद का शव लेकर घर पहुंचे। अन्य घायलों का उपचार जारी है। थाना प्रभारी प्रताप सिंह का कहना है कि तहरीर आने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
तीन माह पहले हुई थी शादी
पिता गुलफाम ने बताया कि तीन महीने पहले ही जावेद की शादी सरधना थाना क्षेत्र के गांव दुर्गेशपुर में हुई थी। बृहस्पतिवार को वह अपनी पत्नी के रिश्ते की बहन के यहां खतौली में आयोजित शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहा था। हादसे में घायल पत्नी अलीशा व बहन भूरी की भी हालत नाजुक है। गुलफाम ने बताया कि उनके दो पुत्र थे। छह पुत्रियों में से चार की शादियां हो चुकी हैं।