मेरठ में सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत।
- फोटो : amar ujala
मेरठ के हस्तिनापुर में बुधवार दोपहर बिजनौर-चांदपुर रोड पर भीमकुंड तिराहे के पास एक अज्ञात वाहन चालक ने बाइक सवार युवक को रौंद दिया, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। उधर, मामले की सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
जानकारी के अनुसार भीमकुंड तिराहे के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन चालक ने बाइक सवार युवक को रौंद दिया। घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। वहीं चपेट में आया युवक काफी देर तक सड़क पर तड़पता रहा, लेकिन कुछ देर बाद उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक युवक काफी देर तक सड़क पर लहूलुहान होकर पड़ा रहा। उसके बाद राहगीरों ने मामले की सूचना थाना पुलिस को दी। आनन-फानन में घटनास्थल पर पहुंची थाना पुलिस ने मृतक युवक की शिनाख्त विकास पुत्र धर्मवीर निवासी मुबारिकपुर थाना मवाना के रूप में की। पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को दे दी है।
सूचना मिलते ही परिवार के लोगों में हड़कंप मच गया और परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि विकास खादर क्षेत्र के एक गांव में किसी काम से आया था और वह वहां से वापस लौट रहा था।
थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि मृतक युवक का पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। वहीं अज्ञात वाहन और चालक की तलाश की जा रही है। जल्द ही पता लगाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।