मेरठ के मवाना में मंगलवार शाम को एक बच्चे की ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर मौत हो गई। बच्चे की मौत से परिजनों में आक्रोश फैल गया। परिजन व ग्रामीण हंगामा कर रहे हैं और उन्होंने बच्चे का शव उठने नहीं दिया।
मेरठ जनपद में मवाना के मोहल्ला तिहाई में ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर साढ़े छह साल के बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। वहीं सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और मामले की जानकारी ली।
विज्ञापन
बताया गया कि मोहल्ला तिहाई निवासी साढ़े छह वर्षीय अबू बकर पुत्र अमीरुद्दीन मंगलवार शाम को मोहल्ले में से ही वापस घर लौट रहा था। वहीं घर से कुछ दूरी पर गेहूं से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसको कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
बताया गया कि ट्रैक्टर चालक भी पीड़ित के मकान से कुछ दूरी पर रहता है। वहीं हंगामा कर रहे परिजनों ने बच्चे के शव उठाने नहीं दिया। परिजन पुलिस से आरोपी की गिरफ्तार की मांग कर रहे हैं।
उधर, घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं। वहीं स्थिति को देखते हुए आसपास के थानों की पुलिस फोर्स में बुला ली गई है। पुलिस ने आरोपी की तलाश में उसके घर में दबिश दी लेकिन, आरोपी हाथ नहीं आ सका है। पुलिस अधिकारी द्वारा बच्चे के परिजनों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है।