दिल्ली में जयंत के आवास पर रालोद समर्थक
- फोटो : amar ujala
मेरठ में सिवालखास विधानसभा सीट पर पूर्व विधायक गुलाम मोहम्मद को टिकट दिए जाने से रालोद समर्थकों का आक्रोश कम नहीं हो रहा है। बुधवार को पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता टिकट बदलवाने के लिए दिल्ली स्थित चौधरी जयंत सिंह की कोठी पर पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने इस सीट को जाट समाज को दिए जाने की मांग की। भीड़ के बीच पहुंचे चौधरी जयंत सिंह ने लोगों को गठबंधन धर्म का पाठ पढ़ाने की कोशिश करते हुए टिकट बदलने में असमर्थता जताई। इस पर लोगों ने कहा कि जब छपरौली का टिकट बदल सकता है तो सिवालखास का क्यों नहीं। देर शाम तक भी लोग कोठी पर ही डेरा डाले हुए थे।
सिवालखास विधानसभा सीट बागपत संसदीय सीट के अंतर्गत आती है जो रालोद की परंपरागत सीट है। सपा के साथ गठबंधन में जनपद की सिवालखास और मेरठ कैंट सीट को रालोद कोटे की माना जा रहा था। इन दोनों सीटों को अपनी मानकर दावेदार लंबे समय से मेहनत में जुटे थे। लेकिन मंगलवार को दोनों सीटों पर टिकट का एलान किया गया तो न केवल दावेदारों बल्कि पार्टी समर्थकों के भी पैरों तले से जमीन खिसक गई। सिवालखास सीट से सपा के पूर्व विधायक गुलाम मोहम्मद और मेरठ कैंट से राजनीति का अंजाना चेहरा मनीषा अहलावत को प्रत्याशी घोषित कर दिया गया। दोनों प्रत्याशियों का संबंध सपा से होने और सिवालखास सीट जाट समाज को नहीं देने से क्षेत्र में आक्रोश छा गया। कई गांवों में पार्टी के झंडे तक जला दिए गए।
वहीं बुधवार को क्षेत्र के दर्जनों गांवों से सैकड़ों लोग दिल्ली स्थित चौधरी जयंत सिंह की कोठी पर पहुंच गए और टिकट बदलने तक डेरा डाल दिया। लोगों के हंगामे और नारेबाजी के बीच दोपहर को भीड़ में पहुंचे जयंत सिंह ने लोगों को गठबंधन धर्म का हवाला देते हुए कहा कि पार्टी ने सोच समझकर फैसला किया है, जिसे टिकट दिया है उसे पूरी ताकत से चुनाव लड़ाओं। इस पर लोगों ने कहा जब छपरौली सीट पर प्रत्याशी बदल सकता है तो इस सीट पर क्यों नहीं। जयंत ने कहा कि यहां और वहां का मामला अलग है। लोगों के भारी विरोध और हंगामे के बाद जयंत सिंह कोठी के अंदर चले गए। शाम को वे फिर समर्थकों के बीच पहुंचे और समझाने का प्रयास किया। लेकिन समर्थकों ने बिना टिकट बदलवाए वहां से हटने से मना कर दिया। देर रात तक लोग दिल्ली में ही डटे थे।
यह भी पढ़ें: जयंत के सामने बड़ा संकट: रालोद के टिकट पर दिल्ली से सिवालखास तक भूचाल, पार्टी के झंडे में लगाई आग, खूब हो रहा विरोध, देखें तस्वीरें