परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थी
- फोटो : Amar Ujala
कड़ी सुरक्षा के बीच हुई प्रथम पाली में हाईस्कूल की परीक्षा
मुजफ्फरनगर में विभिन्न केंद्रों परे आज से यूपी बोर्ड की परीक्षा का आगाज हो गया। पहले दिन प्रथम पाली में हाईस्कूल के परीक्षार्थियों ने प्रारंभिक हिंदी विषय की परीक्षा दी। सभी केंद्रों पर सुबह से ही भीड़ रही। सघन तलाशी के बाद परीक्षार्थियों को प्रवेश मिला।
जिले में बनाए गए 72 केंद्रों पर गुरुवार को परीक्षा शुरू हुई। सुबह साढ़े आठ बजे से शुरू हुई प्रथम पाली में हाईस्कूल के परीक्षार्थी शामिल हुए। हालांकि प्रथम पाली में इंटरमीडिएट की भी सैन्य विज्ञान विषय की परीक्षा है, लेकिन जिले में इसके इक्का-दुक्का ही परीक्षार्थी हैं।
परीक्षा आरंभ होने से करीब एक घंटे पहले यानी साढ़े सात बजे से परीक्षार्थियों को प्रवेश देना शुरू हो गया था। सभी परीक्षार्थियों का प्रवेश पत्र में फोटो से मिलान कर और सघन चेकिंग करने के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में भेजा गया। इसके अलावा हर परीक्षा केंद्रों पर पुलिस की तैनाती रहीं। सीसीटीवी कैमरों से भी लगातार निगरानी की जा रही है।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. धर्मेंद्र शर्मा ने अपनी सचल टीम के साथ जाकर कई केंद्रों का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। हाईस्कूल के करीब 30 हजार से अधिक परीक्षार्थी प्रारंभिक हिंदी की परीक्षा देने के लिए पहुंचे। वहीं जिले में विभिन्न केंद्रों पर 1428 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। दोपहर दो बजे से द्वितीय पाली की परीक्षा शुरू हुई, जिसमें हाईस्कूल की वाणिज्य और इंटरमीडिएट की सामान्य हिंदी विषय की परीक्षा होगी।
परीक्षा देकर निकलते परीक्षार्थी
- फोटो : Amar Ujala
बिजनौर जनपद में 98 प्रतिशत परीक्षार्थी ने दी प्रथम पाली की परीक्षा
यूपी बोर्ड हाईस्कूल व इंटर की परीक्षा शुरू। पहली पाली में करीब 98 प्रतिशत परीक्षार्थी उपस्थित रहे। डीएम अंकित कुमार अग्रवाल व एसपी नीरज कुमार जादौन ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। हाईस्कूल हिंदी के पेपर में 2382 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षार्थी पेपर देने के बाद खुश थे। बोले खूब नंबर आएंगे। पेपर काफी आसान था।
प्रशासनिक अधिकारी सुबह ही केंद्रों का निरीक्षण करने के लिए निकल पड़े। डीएम अंकित कुमार अग्रवाल व एसपी नीरज कुमार जादौन ने जीजीआईसी व केपीएस परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। पेयजल, शौचालय, बिजली आदि मूलभूत सुविधाओं को देखा।
परीक्षा में व्याकरण, गद्यांश, पद्यांश के अतिरिक्त निबंध आसान था। पर्यावरण प्रदूषण, त्यौहार आदि पर निबंध ज्यादा परीक्षार्थियों ने लिखा। नई शिक्षा नीति व इंटरनेट पर निबंध बहुत कम परीक्षार्थियों ने लिखा। अति लघु उत्तरीय प्रश्न भी आसान बताए। कुल मिलाकर हाईस्कूल हिंदी का पेपर बंपर नंबर लाने वाला रहा। इंटर सैन्य विज्ञान का पेपर में कम परीक्षार्थी थे। पेपर ठीक बताया।