मेरठ में भामाशाह पार्क में मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (एमडीसीए) द्वारा आयोजित अंडर-16 ट्रायल में पहले दिन 115 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों ने गेंदबाजी व बल्लेबाजी में दम दिखाया।
विज्ञापन
एमडीसीए द्वारा 2 और 3 जनवरी को अंडर-16 के ट्रायल रखे हैं। करीब 3 सौ खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। पहले दिन 54 खिलाड़ियों ने गेंदबाजी में दम दिखाया, जिसमें 38 तेज गेंदबाज व 16 स्पिन गेंदबाज शामिल हुए। बल्लेबाजी में 54 खिलाड़ी विराट कोहली, रोहित शर्मा, केएल राहुल और प्रियम गर्ग बनने का सपना लेकर ट्रायल में पहुंचे।
विकेट कीपिंग में मात्र 7 खिलाड़ियों ने दिलचस्पी दिखाई। एमडीसीए सचिव सुरेंद्र चौहान ने बताया सर्दी के कारण खिलाड़ियों को बाल डालने में परेशानी हो सकती थी, जिसके लिए गेंदबाजों को 1 ओवर से ज्यादा डालने का मौका दिया गया। ट्रायल का समय भी सुबह साढ़े 10 बजे से रखा गया है। चयनकर्ता के रूप में सुभाषचंद शर्मा, अखिल त्यागी मौजूद रहे।
विज्ञापन
Trending Videos
मकबरा डिग्गी ने शेरा क्लब को 5 रन से हराया
फैज ए आम इंटर क्रिकेट एकेडमी में शनिवार को मौलाना अब्दुल गनी टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन डॉ. यूसुफ कुरैशी, जेएसएच स्पोर्ट्स निदेशक केवल लूथरा व प्रधानाचार्य अलीजान ने किया। मकबरा डिग्गी ने 20 ओवर में 170 रन बनाए। प्रथम ने 65 रनों की पारी खेली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी शेरा क्लब 20 ओवर में 9 विकेट पर 165 रन ही बना सकी। मैन ऑफ द मैच मकबरा डिग्गी के प्रथम को चुना गया। गेम चेंजर सचिन यादव रहे। इस दौरान मो. शकील, मो. तैय्यब, आरिफ अली खान, कुंवर शाहिद अली, यूसुफ अली मौजूद रहे। आयोजक सचिव अफगान सोनी ने बताया कि रविवार को एक मैच खेला जाएगा। संवाद
खिलाड़ियों को सेल्फ डिफेंस के गुर सिखाए
बागपत रोड स्थित सेल्फ डिफेंस ग्लोरी एकेडमी में शनिवार को सेल्फ डिफेंस मोटिवेशनल ट्रेनिंग शिविर का आयोजन किया। कोच रविन्द्र सैनी ने बताया एकेडमी के यूनिवर्सिटी व राज्य स्तरीय खिलाड़ियों ने फाइट के टिप्स दिए। भूमिका यादव, विष्णु, कशिश मौजूद रहे।
इंजमाम के दोहरे शतक से श्रीनाथजी एकेडमी विजयी
परतापुर बाईपास स्थित श्रीनाथजी एकेडमी में शनिवार को मैत्री मैच खेला गया। इंजमाम के दोहरे शतक (224) से श्रीनाथजी एकेडमी ने वाईसीए को 27 रनों से हराया। श्रीनाथजी एकेडमी ने 35 ओवर में 297 रन बनाए। वाईसीए एकेडमी 35 ओवर में 270 रन हो बना सकी। वंश गुप्ता ने 120 रनों की पारी खेली। श्रीनाथजी के गेंदबाज नमन व विहान ने 2-2 विकेट लिए। इंजमाम मैन ऑफ द मैच चुने गए।
यूपीसीए ने अनुभवी खिलाड़ियों पर जताया भरोसा
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए उप्र क्रिकेट एसोसिएशन ने यूपी की टीम घोषणा में अनुभवी खिलाड़ियों पर भरोसा जताया है। मेरठ के तीन खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया गया है। तीनों खिलाड़ी आईपीएल में खेल रहे हैं। इनमें कप्तान प्रियम गर्ग, भुवनेश्वर कुमार व शिवम मावी शामिल हैं।
युवा खिलाड़ियों को अभी अतिरिक्त खिलाड़ियों में रखा गया है, जिसमें मेरठ के हरदीप सिंह, पूर्णांक त्यागी व समीर चौधरी शामिल हैं। यूपीसीए ने बंगलूरू में 10 जनवरी से खेले जाने वाली सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के पहले दो मैचों के लिए टीम का चयन किया है। 2 मैचों के बाद टीम में बदलाव संभव है, जिसमें मेरठ के तीनों खिलाड़ियों को मौका मिल सकता है।
हेमा कोहली टूर्नामेंट में ग्रुप बी के मैच आज से
दसवें हेमा कोहली क्रिकेट टूर्नामेंट में ग्रुप बी के मुकाबले रविवार से खेले जाएंगे। आयोजन सचिव अतहर अली ने बताया कि मैच आईटीआई साकेत और भामाशाह पार्क में खेले जाएंगे। उद्घाटन मैच अमृतसर ब्लास्टर और पंजाब ग्लेडिएटर के बीच होगा। सेमीफाइनल मैच छह जनवरी और फाइनल सात जनवरी को खेला जाएगा। करन पब्लिक स्कूल में शनिवार को सभी टीमें पहुंच गईं। सभी का स्वागत किया गया।
मेरठ ब्लास्टर और डीएमसीसी ने बाजी मारी
करन क्रिकेट एकेडमी में आयोजित मेरठ प्रीमियर लीग में शनिवार को तीन मैच खेले गए। पहले मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मेरठ स्ट्राइकर ने 20 ओवरों में 4 विकेट पर 157 रन बनाए। एसएच की टीम 20 ओवरों में 4 विकेट पर 148 रन ही बना सकी। नौ रन से मेरठ स्ट्राइकर ने मैच जीता।
दूसरे मैच में मेरठ राइडर्स ने 20 ओवरों में आठ विकेट पर 154 रन बनाए। मेरठ ब्लास्टर ने 17.3 ओवरों में सात विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। तीसरे मैच में एंगर बीष्ट ने 20 ओवरों में 8 विकेट पर 173 रन बनाए। डीएमसीसी की टीम ने 17.5 ओवरों में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस मौके पर आयोजन सचिव अतहर अली मौजूद रहे।