झोपड़ी में लगी आग में जिंदा जल गई दो साल की बच्ची
कहरका गांव का मामला, शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी थी झोपड़ी में आग
मुजफ्फरनगर के शाहपुर का रहने वाला है परिवार, हादसे के वक्त परिजन बाहर थे
संवाद न्यूज़ एजेन्सी
चांदीनगर (बागपत)। कहरका गांव के पास स्थित एक ईंट भट्ठे पर बनी झोपड़ी में शार्ट सर्किट की वजह से आग लग गई। आग में दो वर्षीय बच्ची की जिंदा जलकर मौत हो गई। आसपास के लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मुजफ्फरनगर के शाहपुर निवासी सद्दाम कहरका के पास एक ईंट भट्ठे के पास बनी झोपड़ी में परिवार के साथ रहता है। वह भट्ठे पर मजदूरी करता है। रविवार शाम शार्ट सर्किट के चलते उसकी झोपड़ी में आग लग गई। इससे झोपड़ी में सो रही सद्दाम की दो वर्षीय पुत्री उमेरा की जिंदा जलकर मौत हो गई। अन्य परिजन उस वक्त झोपड़ी के बाहर थे। आग लगने पर सभी मौके पर दौड़े और किसी तरह आग पर काबू पाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी जनक सिंह का कहना है कि शॉर्ट सर्किट के चलते झोपड़ी में आग लग गई थी। मामले की जांच की जा रही है।