सैनी गांव में दो मंजिला मकान गिरा, तीन बच्चे घायल
गंगानगर। इंचौली थाना क्षेत्र के सैनी गांव में शनिवार को दो मंजिला मकान अचानक से गिर गया। मलबे में दबने की वजह से तीन बच्चे और गोवंशीय पशु घायल हो गया। पुलिस और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों बच्चों को बाहर निकाला।
सैनी निवासी मजदूर मनोज कश्यप ने कुछ माह पूर्व मंदिर के पास वाले मोहल्ले में दो मंजिला मकान बनाया था। मकान के बगल में एक खाली प्लाट पड़ा हुआ है। बारिश का पानी प्लाट में भरने के बाद मनोज के मकान की नींव में चला गया। ग्रामीणों ने बताया कि शनिवार शाम छह बजे के करीब अचानक से दो मंजिला मकान भरभराकर गिर गया। ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। दोनों तलों के लिंटर जमीन पर आ गिरे। हादसे के वक्त मकान में मौजूद मनोज का 12 वर्षीय बेटा जतिन, बेटी प्राची व प्रिया मलबे में दब गई। सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। इंचौली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस व ग्रामीणों ने जैक की मदद से लिंटर उठाकर बच्चों को बाहर निकाला। पहले दोनों बेटियों को निकाला गया। जतिन को निकालने में काफी समय लगा। इसके बाद तीनों बच्चों को तुरंत अस्पताल भेज दिया गया। उधर, मकान में दबी गाय को भी बामुश्किल बाहर निकाला गया।
एसओ इंचौली अंकित चौहान ने बताया कि तीनों बच्चों को बाहर निकाला गया। ग्राम प्रधान प्रियंका ने बताया कि मलबे को हटाकर व जैक की मदद से बच्चों को बाहर निकाला गया, बच्चों को प्राथमिक उपचार दिया गया है।