फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुलिस का खेल : सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज, पीड़िता के जेठ पर भी रिपोर्ट

विज्ञापन
विज्ञापन
पुलिस का खेल : सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज, पीड़िता के जेठ पर भी रिपोर्ट
विज्ञापन

मेरठ/किठौर। पुलिस भी गजब का खेल करती है। चार दिन से भटक रही सामूहिक दुष्कर्म की पीड़िता का पहले तो मेडिकल तक नहीं करा। अब जब किरकिरी हुई तो पीड़िता की ओर से मुकदमा दर्ज कर लिया। वहीं आरोपी पक्ष से भी तहरीर लेकर पीड़िता के जेठ समेत दो पर सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर लिया। क्रॉस केस दर्ज करने पर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।
किठौर थाना क्षेत्र के गांव निवासी एक महिला से युवक अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए छह महीने तक दुष्कर्म करता रहा। पोल खोलने पर आरोपी ने दो साथियों के साथ मिलकर महिला के साथ 18 मई को सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़ित दंपती इंसाफ के लिए 4 दिन थाने व पुलिस अधिकारियों के चक्कर काटता रहा। बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। पीड़ित परिवार का आरोप है कि सत्ता पक्ष के दबाव के चलते आरोपी पर कार्रवाई नहीं हो पा रही थी।
विज्ञापन

अमर उजाला ने इसको प्रमुखता से प्रकाशित किया, जिससे पुलिस की किरकिरी हुई। एसएसपी की फटकार के बाद पीड़िता की तहरीर पर शनिवार को आरोपी पिंटू व उसके दो साथी इंतजार वह आनंद के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कर ली। वहीं आरोपी पक्ष की एक महिला की तहरीर पर पीड़िता के जेठ व उसके दोस्त के खिलाफ भी सामूहिक दुष्कर्म का क्रॉस मुकदमा लिख लिया। आरोप है कि सत्ता पक्ष के दबाव में क्रॉस रिपोर्ट लिखी गई है।
दिनभर पीड़िता को थाने में बैठाया
मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने पीड़िता के पति को फोन किया व थाने बुलाया। पति ने एफआईआर की कॉपी मांगी तो उससे पत्नी को भी बुलाने की बात कही। पति घर गया व अपनी पत्नी को लेकर थाने आया। उसके बाद दंपती को घंटों थाने में बैठाया गया और समझौते का दबाव भी बनाया गया।
इंस्पेक्टर किठौर छुट्टी पर गए
मुकदमे लिखने के बाद इंस्पेक्टर किठौर छुट्टी पर चले गए। लोगों का कहना है कि इस प्रकरण में कई पुलिस अधिकारी राजनीतिक दबाव में थे, लेकिन दोनों पक्षों में समझौता कराने में नाकाम रहे। इसके चलते थाना प्रभारी एक दिन पूर्व ही छुट्टी पर चले गए। कार्यवाहक थाना प्रभारी क्राइम ऋषिपाल शर्मा ने बताया कि शायद पहले छुट्टी की अनुमति नहीं ली हुई थी।
पहले पैसे का लेनदेन
शुक्रवार को सत्ता व आरोपी पक्ष के लोग मामले को लेनदेन का बता रहे थे। एक दिन बाद ही मामला सामूहिक दुष्कर्म में दर्ज हो गया। आरोपी पक्ष का आरोप सुबह 4 बजे पीड़िता का जेठ अपने दोस्त के साथ उनके घर आया और दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
अब कैसे मिलेगा हमें इंसाफ
पीड़िता महिला का कहना है कि मेरे साथ 6 महीने से वारदात हो रही है। इंसाफ के लिए हम 4 दिन से भटक रहे थे। सत्ता पक्ष के दबाव के चलते उल्टा हमारे ऊपर ही मुकदमा दर्ज कर दिया गया। अब हमें इंसाफ कैसे मिलेगा। मेरे साथ जो घटना हुई है उसके पूरे प्रमाण मेरे पास है। जिसको पुलिस मानने को तैयार नहीं है।
... और चंद घंटों में दर्ज हुआ मुकदमा
मामले में सत्ता पक्ष और पुलिस चार दिन से समझौता करने में लगे थे। लेकिन बात नहीं बन रही थी। पीड़ित महिला का चार दिन बाद मुकदमा दर्ज किया, जबकि दूसरी महिला का मुकदमा घटना के चंद घंटे बाद ही लिखा गया।
विज्ञापन

दोनों पक्ष की महिलाओं ने एक-दूसरे पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों तरफ से मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस पूरे प्रकरण की जांच निष्पक्ष होगी। - बृजेश सिंह, सीओ किठौर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें