मेरठ के लक्खीपुरा में बाइक टकराने के विवाद में मारपीट और फायरिंग में दो घायल
मेरठ। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के लक्खीपुरा में बाइक टकराने को लेकर विवाद हो गया। इसे लेकर दो पक्षों में मारपीट के दौरान करीब 20 राउंड गोलियां चली। इस दौरान एक पक्ष ने आरोपियों द्वारा मकान में घुसकर महिलाओं के साथ छेड़छाड़ ओर लूटपाट का आरोप लगाया। आरोप है कि इस दौरान पथराव करते हुए गली में खड़ी मोटर साइकलों में भी तोड़फोड़ कर दी। सूचना पाकर मौके पर पहुची पुलिस को देखकर आरोपी फरार हो गए।
रविवार को लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र लक्खीपुरा पूरा निवासी साकिब अपनी स्कूटी से समर गार्डन की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से बाइक आ रहे कैफ निवासी अहमदनगर ने पुरानी रंजिश के चलते साकिब की स्कूटी में टक्कर मार दी। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। आसपास के लोगों ने उन्हें समझाकर भेज दिया।
थोड़ी देर बाद कैफ अपने साथ करीब 10 लोगों को लेकर साकिब के घर पहुंचा। आरोप है कि साकिब के घर में घुसकर जमकर मारपीट की गई और महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की गई। शोर सुनकर पड़ोस के लोग आए तो आरोपियों ने करीब 20 राउंड गोलियां चला दीं। पथराव करते हुए गली में खड़ी दो बाइकों को भी तोड़ दिया। इस दौरान साकिब और साकिब का चाचा अब्दुल रहमान उर्फ टोनी घायल हो गए।
कुछ लोगों ने डायल 112 पुलिस को सूूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर आरोपी फरार हो गए। साकिब ने कैफ सहित अन्य लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।