दिन का तापमान अप्रैल में सामान्य से छह डिग्री ऊपर पहुंच गया है। गर्मी का रौद्र रूप बढ़ता जा रहा है। लू झुलसा रही है और गर्मी में घर से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। अभी आगे भी मौसम के तेवर ऐसे ही रहेंगे। दो दिन बाद 21 अप्रैल को आसमान में हल्के बादल और कहीं-कहीं बौछारें आ सकती हैं।
चार घंटे ज्यादा रहता है गर्मी का असर
कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि दोपहर में एक बजे से लेकर शाम चार बजे तक गर्मी का असर सबसे ज्यादा रहता है। दोपहर के समय सूरज की तपिश और लू का असर तेज होने के कारण गर्मी पूरी तरह से मारक हो जाती है, जिस कारण से अधिकतम तामपान में भी सबसे ज्यादा बढ़ोतरी होती है। पिछले तीन दिन से मौसम ऐसा ही गर्म बना हुआ है, लगातार गर्मी का असर तेज होने से राहत नहीं मिल रही है।
पिछले एक सप्ताह का तापमान
तारीख अधिकतम न्यूनतम
13 40.1 19.6
14 39.4 21.6
15 37.9 18.3
16 38.8 17.7
17 40.0 17.4
18 41.4 18.0
19 41.6 20.7
सड़कों पर छाया सन्नाटा
दो दिन तक हल्की बंदूाबांदी से राहत देने के बाद मौसम के तेवर फिर से तल्ख हो गए है। गर्मी के बढ़ने के कारण दोपहर के समय शहर की सड़कों पर भी सन्न्नाटा छाया हुआ है। मई में 41 डिग्री पर पहुंचने वाला तापमान इस बार अप्रैल में ही पहुंच गया है। जिस कारण से सड़कें और बाजारों पर गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है।
अधिकतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री अधिक रहा है, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री ज्यादा रहा है। मंगलवार का दिन इस सीजन में सबसे गर्म रहा है। आगामी दो दिन तक तापमानन 42-43 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है। 21 अप्रैल को हल्के बादल रहने के आसार है, कहीं-कहीं पर बारिश की बौछारें आ सकती हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में भी बारिश अलर्ट होने के चलते यहां थोड़ा मौसम बदल सकता है। - डॉ. एन सुभाष, मौसम वैज्ञानिक, आईआईएफएसआर