मिल के पास गोवंश के बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलटा ट्रक। (मवाना)
मवाना। परीक्षितगढ़ मार्ग पर बृहस्पतिवार रात स्क्रैप लदा ट्रक बेसहारा गोवंश को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकराकर नाले में पलट गया। चालक व साथी क्लीनर ने कूदकर जान बचाई। चालक ने कुछ लोगों द्वारा स्क्रैप नहीं उठाने देने के संबंध में थाने में तहरीर दी है।
मुरादाबाद जनपद के मनाठेर थाना क्षेत्र के गांव बरेटा खिरजपुर निवासी इमरान ट्रक चालक है। उसने थाने में दी तहरीर में बताया कि वह दस टायरा ट्रक से मुरादाबाद से स्क्रैप लादकर बृहस्पतिवार रात पंजाब जा रहा था। परीक्षितगढ़ मार्ग पर शुगर मिल के पास बेसहारा गोवंश ट्रक के आगे आ गया, जिसे बचाने के प्रयास में संतुलन खो बैठा और ट्रक विद्युत पोल से टकराने के बाद शुगर मिल के नाले में पलट गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच कर लौट आई। वहीं, सुबह दूसरी गाड़ी में स्क्रैप लादने लगे तो कुछ लोगों ने आकर रोक दिया। इमरान ने लोगों के खिलाफ स्क्रैप लादने से रोकने की तहरीर दी है।
वहीं, विद्युत निगम के अवर अभियंता चंद्रशेखर मौर्य ने ट्रक की टक्कर से टूटी विद्युत लाइन के मामले में ट्रक चालक व उसके साथी के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। तहरीर में अवर कहा है कि ट्रक चालक की लापरवाही से विद्युत पोल व लाइन के तार टूटने से विभाग को लगभग एक लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। साथ ही विद्युत आपूर्ति बाधित हुई है।