ट्रायल सफल, शहीद स्मारक पर जगमग होगी ज्योति
मेरठ। शहीद स्मारक पर 75वें स्वतंत्रता दिवस पर ज्योति प्रज्जवलित की जाएगी। इसके लिए ट्रायल बृहस्पतिवार को पूरा कर लिया गया। सिटी मजिस्ट्रेट सत्येंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में लोक निर्माण विभाग और गैल गैस ने ट्रायल को सफल बताते हुए 15 अगस्त के दिन अमर जवान ज्योति की तर्ज पर यहां ज्योति प्रज्जवलित करने के लिए हरी झंडी दी है। हालांकि, अभी जिलाधिकारी के. बालाजी इस पर सहमति देंगे।
चार महीने से लोक निर्माण विभाग की ओर से शहीद स्मारक पर डोम बनाने का कार्य चल रहा था। कोरोना की दूसरी लहर के चलते कार्य में देरी हुई। 13 लाख एक हजार रुपये की लागत से इस कार्य को किया गया है। इसमें पांच लाख रुपये गैल गेस लिमिटेड और आठ लाख एक हजार रुपये जिलाधिकारी ने क्रिटिकल केयर फंड से दिए हैं। ज्योति को चारों तरफ से कवर करने के लिए मुरादाबाद से कवर मंगाया गया है।
सेना का बैंड देगा स्वतंत्रता दिवस पर प्रस्तुति
स्वतंत्रता दिवस पर भारतीय सेना चार्जिंग राम डिवीजन के तत्वावधान में शहीद स्मारक मेरठ में बैंड प्रदर्शन का आयोजन कर रही है। यह स्मारक भारतीय स्वतंत्रता के पहले युद्ध को समर्पित है। पाइप बैंड द्वारा मनमोहक प्रदर्शन से राष्ट्रीय उत्साह के वातावरण को दिखाया जाएगा। इन आयोजनों से भारतीय सेना द्वारा प्रचलित कार्य नैतिकता, संस्कृति और परंपराओं के बारे में स्थानीय लोगों के बीच जागरूकता फैलाना है।