संयुक्त व्यापार संघ के सदस्य सोमवार को हल्ला बोल कार्यक्रम के अंतर्गत केसरगंज मंडी में एकत्रित हुए। अध्यक्ष नवीन गुप्ता के नेतृत्व में जुलूस के रूप में केसरगंज और नगर निगम मार्ग पर होते हुए निगम कार्यालय पहुंचे। व्यापारियों की मांग सुनने के लिए उपाध्यक्ष तरुण कुमार गुप्ता ने नगर आयुक्त से व्यापारियों के बीच आने का आग्रह किया।
नगर आयुक्त ने व्यापारियों के पांच सदस्य दल को मिलने और ज्ञापन सौंपने की बात कही। व्यापारियों के नगर आयुक्त न आता देख व्यापारियों में अध्यक्ष नवीन गुप्ता, संजय जैन, नीरज मित्तल समेत कई व्यापारी नगर आयुक्त के कमरे के बाहर धरने पर बैठ गए। अन्य व्यापारी कार्यालय के बाहर नारेबाजी करते रहे। हंगामा होते देख पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
अन्य निगम अधिकारियों ने व्यापारियों को समझाने का प्रयास किया। व्यापारियों ने इस बीच नगर निगम के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए। नगर आयुक्त ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए व्यापारियों के प्रतिनिधि मंडल को कार्यालय में आने के लिए मना लिया। नवीन गुप्ता ने कहा कि शहर में कोई भी सड़क ऐसी नहीं है जिसमें गड्ढा न हो। नाला सफाई के नाम पर करोड़ों का भ्रष्टाचार हो रहा है। व्यापारियों को 120 प्रतिशत टैक्स जोड़कर नोटिस भेजे जा रहे हैं।
उपाध्यक्ष विजय आनंद अग्रवाल ने कहा कि शहर में कही भी पार्किंग नहीं हैं। ड्रेनेज का भी कोई प्लान आज तक नगर निगम नहीं बना पाया है। उपाध्यक्ष नीरज मित्तल ने स्ट्रीट लाइट का विषय उठाया। उन्होंने कहा कि कंकरखेड़ा, श्रद्धापुरी सहित शहर के बाहरी क्षेत्र में जलभराव, टूटी सड़कों की समस्या है।
यह भी पढ़ें: BKU Protest: वार्ता विफल, पांचवें दिन भी थाने पर डटे किसान, गन्ना समिति चुनाव में धांधली की सीएम से की शिकायत
नाला सफाई के नाम पर करोड़ों का भ्रष्टाचार
महामंत्री संजय जैन ने कहा कि नाला सफाई के नाम पर करोड़ों रुपये भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रहे हैं। सभी सड़कों पर गंदगी और जलभराव की समस्या है। जलभराव के कारण सड़कों पर गड्ढे और गहरे हो गए हैं। जन्म मृत्यु प्रमाणपत्र के लिए व्यापारियों को विभागीय कर्मचारी चक्कर बार बार बुलाते हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं होता है।
व्यापारियों ने उठाया पार्किंग का विषय
मंत्री विकास गिरधर ने आरोप लगाया कि गृहकर के बढ़े हुए बिल भेजकर विभागीय कर्मचारी लेनदेन के लिए बार-बार बुलाते हैं। नगर निगम को अपनी अनुपयोगी भूमि की तलाश कर वहां पार्किंग स्थल विकसित करने चाहिए। संजीव रस्तोगी ने कहा कि घंटाघर से लेकर छतरी वाले पीर तक डिवाइडर बनाया गया है, लेकिन निकलने वाले लोगों के लिए रास्ता नहीं छोड़ा गया।
यह भी पढ़ें: BKU Protest: वार्ता विफल, पांचवें दिन भी थाने पर डटे किसान, गन्ना समिति चुनाव में धांधली की सीएम से की शिकायत
लॉबी के पंखे बंद होने पर हुई नोकझोंक
धरना प्रदर्शन के दौरान अचानक लाइट जाने पर पंखे बंद हो गए, लेकिन नगर आयुक्त कक्ष में ट्यूबलाइट और पंखे चलते रहे। ऐसे में व्यापारियों हंगामा किया। निगम अधिकारियों के साथ व्यापारियों की नोकझोंक भी हुई। हालांकि जेनरेटर चलाकर विद्युत सप्लाई को सुचारू किया गया।
30 मिनट के लिए जाम हुआ नगर निगम मार्ग
व्यापारियों पैदल मार्च के दौरान पहले केसरगंज मंडी मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई। इसके बाद नगर निगम मार्ग पर जाम लगा गया। पुलिस ने ट्रैफिक को जाम की स्थिति को देखते हुए डीएन कॉलेज की तरफ डायवर्ट किया। ऐसे में 30 मिनट तक जाम के हालात बने रहे।
दीपावली से पहले होगा सभी समस्याओं का समाधान
फंड के मुकाबले तीन गुना डिमांड हैं। सभी मांगों पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। दीपावली से पहले सभी स्ट्रीट लाइट ठीक करा दी जाएंगी। जीआईसी सर्वे के आधार पर टैक्स लगाए गए हैं, अगर गलती है तो उसका समाधान किया जाएगा। सड़कों का निर्माण कार्य भी तेजी से किया जा रहा है।
- सौरभ गंगवार, नगर आयुक्त, नगर निगम