कालागढ़ की ढेला रेंज मे मिला बाघिन का शव।
- फोटो : DHAMPUR
कालागढ़ की ढेला रेंज में मिला बाघिन का शव
कालागढ़ (बिजनौर)। कार्बेट टाइगर रिजर्व की कालागढ़ उपवन प्रभाग की ढेला रेंज के वनों में बाघिन का शव मिला है। वन विभाग ने बाघिन की मौत को बाघों की आपसी लड़ाई का परिणाम बताया है।
कार्बेट टाइगर रिजर्व में शनिवार रात्रि गश्ती दलों ने यह शव देखा था। शव ढेला पश्चिम के कक्ष संख्या दो के घने जंगलों में होने की वजह से रविवार को मौके पर निदेशक राहुल, उपप्रभागीय वनाधिकारी आरके तिवारी और अन्य अधिकारी पहुंचे। रेंज अधिकारी संदीप गिरी ने बताया कि बाघिन की आयु लगभग चार से पांच वर्ष के बीच है। उसके मुंह पर घाव के निशान मिले हैं। उनका मानना है कि आसपास एक बाघ को भी देखा गया है। बाघिन बाघ के रास्ते में आ गई होगी और दोनों के बीच संघर्ष हो गया। उनका कहना है कि जब बाघों के बीच संघर्ष होता है तो फिर उसका परिणाम एक की मौत ही होता है। बाघिन के शव का पोस्टमार्टम कार्बेट टाइगर रिजर्व के पशु चिकित्साधिकारी डॉ. दुष्यंत शर्मा और हल्द्वानी के डॉ. आयुष उनियाल के पैनल ने किया। मौके पर डब्ल्यूडब्ल्यूएफ और कार्बेट फाउंडेशन के अधिकारी भी पहुंच गए।