मेरठ जनपद में रजबन बाजार क्षेत्र की कोरोना पॉजिटिव महिला के संपर्क में आए तीन लोगों को क्वारंटीन सेंटर से डिस्चार्ज करने के बाद उनकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। बिना रिपोर्ट देखे आईसोलेट लोगों को घर भेजने में सेंटर प्रभारी की लापरवाही सामने आई है। बृहस्पतिवार देर रात स्वास्थ्य विभाग ने आनन फानन में इन लोगों को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया।
यह मामला सदर बाजार क्षेत्र का है। यहां एक महिला में कोरोना की पुष्टि हुई थी। इसके बाद महिला के संपर्क में आए क्षेत्र के 42 लोगों को नेशनल इंटर कॉलेज के क्वारंटीन सेंटर भेजा गया था। यहां इनकी लगातार जांच हो रही थी। नियमानुसार आइसोलेशन सेंटर में रखे गए लोगों की छठवें और 14वें दिन सैंपल एकत्र किए जाते हैं।
यह भी पढ़ें: मेरठ मेडिकल कॉलेज से कोरोना संक्रमित फरार, पूछताछ में बताया- कपड़े लेने गया था घर
छठवें दिन लिए गए सैंपल में कई लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई। 14वें दिन सैंपल लेने के बाद दो महिलाओं और एक किशोरी को डिस्चार्ज कर सेंटर प्रभारी ने उनको घर भेज दिया। उनके घर में एक बुजुर्ग महिला बीमार थी। उनकी देखभाल के लिए क्वारंटीन इन तीनों लोगों को छोड़ा गया। इनमें किसी प्रकार के लक्षण नहीं दिखाई दे रहे थे। बृहस्पतिवार रात इन तीनों लोगों की रिपोर्ट आई तो उसमें सभी को कोरोना की पुष्टि हुई। जानकारी के बाद पुलिस प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम में खलबली मच गई।
वहीं देर रात ही स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोनों महिलाओं और किशोरी को मुलायम सिंह यादव मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/