कुंडल लूटने वाले गिरोह के तीन बदमाश दबोचे
मेरठ। भावनपुर पुलिस ने मंगलवार को महिलाओं से कुंडल लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया। गढ़ रोड स्थित हसनपुर पुलिस चौकी के पास महिला से कुंडल लूट के मामले में पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया। इनसे लुटे हुए कुंडल भी बरामद किए हैं। गिरोह का सरगना नन्हें उर्फ नूर मोहम्मद निवासी कायस्थ बढ़डा किठौर है। वह अभी फरार है।
भावनपुर के जिठौली गांव निवासी मामचंद अपनी पत्नी किरण और भाभी सुषमा को मेडिकल में वैक्सीन लगवाकर बाइक से 10 अगस्त को लौट रहे थे। हसनपुर पुलिस चौकी के पास बदमाशों ने पीछे से बाइक पर आकर सुषमा के कानों के कुंडल छीनने थे। भावनपुर थाने में केस दर्ज हुआ था। पुलिस ने एक सूचना पर तीन आरोपी मोनू उर्फ नौशाद, साजिद और आरिफ निवासी कायस्थ बढ़डा, किठौर को गिरफ्तार कर लिया।
सरगना नन्हें उर्फ नूर मोहम्मद है। उसकी तलाश जारी है। इस बदमाशों ने 23 जुलाई को नौचंदी थानाक्षेत्र के एक निजी अस्पताल के पास आरिफ ने महिला से लूट की थी। 10 जुलाई को सरूरपुर के हर्रा में, 13 जुलाई को निलोहा मवाना से एक मकान में और दो अगस्त को परतापुर में आटो टायर शोरूम के पास एक महिला से कुंडल छीने थे। इसके अलावा 11 अगस्त को गढ़ मुक्तेश्वर में महिला से कुंडल लूटे थे। एसपी देहात केशव कुमार ने बताया कि भावनपुर पुलिस ने तीनों शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर एक दर्जन से अधिक महिलाओं से कुंडल लूट की वारदात का खुलासा किया है।