व्यापारी से लूट में पूर्व कर्मचारी सहित तीन गिरफ्तार
मेरठ। व्यापारी हर्ष गुप्ता से लूट करने वाला उनका ही पूर्व का कर्मचारी निकला। उसने दो दोस्तों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में तीनों कैद हुए थे। व्यापारी ने आरोपी को पहचान लिया। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। उनसे लुटे गए 1.43 लाख रुपये, तमंचा और प्रयुक्त बाइक बरामद की। वारदात का 36 घंटे में खुलासा करने पर एसएसपी ने पुलिस टीम को पांच हजार का इनाम दिया है।
एसपी क्राइम अनित कुमार और एएसपी कैंट सूरज राय ने लूट का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि बुधवार को हर्ष गुप्ता निवासी बुढ़ानागेट स्वामीपाड़ा से बेगमपुल स्थित आपका बाजार में जम्मू एंड कश्मीर बैंक की सीढ़ियों पर 2.15 लाख रुपये लूटे गए थे। बदमाशों ने तीन लाख से भरा बैग छीना था। इस दौरान 85 हजार रुपये जमीन पर गिर गए थे। लूट के दौरान बदमाशों ने गोली भी चलाई थी। बैंक मैनेजर ने दावा किया कि जवाब में सिक्योरिटी गार्ड ने भी गोली चलाई है।
इस मामले में लालकुर्ती और एसओजी की टीम ने जांच की। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। सटीक रेकी के बाद वारदात को अंजाम दिया। बाइक चलाने वाले मोहम्मद जैद निवासी प्रहलादनगर लिसाड़ीगेट को व्यापारी ने पहचान लिया। उसने दुकान में तीन साल काम किया और आठ-नौ महीने पहले ही उसे हटाया था। जैद ने दो दोस्त दानिश और अर्श निवासी सराय वाली मस्जिद लिसाड़ीगेट का नाम बताया। बाद में तीनों गिरफ्तार कर लिए गए।
--
दानिश ने सिर पर किया था तमंचे से प्रहार
दानिश ने बताया कि उसने ही हर्ष के सिर पर तमंचे से प्रहार किया था। हर्ष ने जैसे ही स्कूटी रोकी, तभी बैंक की सीढ़ी पर दानिश और अर्श ने वारदात को अंजाम दिया, जबकि जैद बाइक लेकर बाहर खड़ा रहा। तीनों एक ही बाइक से भागे थे।
--
पहले भी चार बार किया लूट का प्रयास
जैद ने बताया कि नौकरी छूटने के बाद उसका काम ठप हो गया था। जैद को जानकारी थी कि हर्ष बैंक में पैसा जमा करने अकेला जाता है। जैद ने दानिश और अर्श के साथ मिलकर प्लान बनाया। वह चार बार पहले भी लूट का प्रयास कर चुके हैं।