लुंगी में छिपाई बैटरी गिरी, लोगों ने दबोचा
गंगानगर क्षेत्र की एक दुकान से बैटरी चोरी करते दो लोगों को स्थानीय लोगों ने दबोच लिया। दो आरोपी लुंगी में बैटरी छिपाकर ले जा रहे थे। सूचना पर पुलिस दोनों आरोपियों को थाने ले आई।
हालांकि आरोपियों के खिलाफ कोई तहरीर न आने पर दोनों को छोड़ दिया गया। इंचौली निवासी आलम ने बताया कि गंगानगर की गर्मपानी रोड पर उनकी बैटरी की दुकान है। मंगलवार दोपहर दो व्यक्ति उनकी दुकान पर बैटरी लेने के लिए पंहुचे थे। इसमें रिक्शा चालक और एक अन्य शामिल था। काफी देर तक मोलभाव किया।
इसी दौरान एक व्यक्ति ने बैटरी अपने कपड़ों में छिपा ली। लेकिन दुकान की सीढ़ियों से उतरते समय बैटरी कपड़ों से निकलकर जमीन पर गिर गई। दुकानदार और अन्य लोगों ने उसे देख लिया। लोगों ने दोनों को दुकान के बाहर ही बैठा लिया और पुलिस को जानकारी दी।
आधे घंटे तक पुलिस नहीं पहुंची। इस पर दुकान संचालक खुद ही आरोपियों को लेकर थाने पहुंच गया। आरोपियों ने अपने नाम खत्ता रोड तारापुरी निवासी इस्तियार व बैराज बताए। बाद में दुकानदारों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई तो उन्हें चेतावनी देते हुए परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।