रोशनपुर डौरली में चोरों ने 45 मिनट में खंगाला घर
मेरठ। मोदीपुरम क्षेत्र के रोशनपुर डौरली में शुक्रवार दोपहर में ही चोरों ने 45 मिनट में एक घर को खंगाल दिया। चोर यहां से नकदी और सोने-चांदी के जेवरात सहित लाखों का माल समेटकर ले गए। घर पर पहुंचने के बाद घटना का पता चला तो मकान मालिक ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
रोशनपुर डौरली निवासी सुदेश चंद शर्मा ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ रहते हैं। उसका बेटा सचिन शर्मा अंसल टाउन में रहता है। सचिन अपनी पत्नी के साथ कोरोना का टीका लगवाने गया था। इस दौरान उसके दो बच्चे घर पर अकेले थे। इसलिए सुदेश अपनी पत्नी के साथ घर का ताला लगातार शाम चार बजे अंसल टाउन चले गए।
पीड़ित नेे बताया कि शाम 4.45 बजे पर जब वह घर पहुंचे तो मेन गेट का ताला टूटा था। पीड़ित ने घर के अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने बताया कि चोरों ने 45 मिनट में घर के अंदर ही यहां अलमारी से एक लाख रुपये, जेवरात सहित अन्य सामान ले गए। पीड़ित परिवार ने पुलिस को घटना की तहरीर दी।