चिकित्सीय उपकरण लगाने वाली कंपनी के दफ्तर में चोरी
मेरठ। नौचंदी थाना क्षेत्र में चोरों ने चिकित्सीय उपकरण लगाने वाली कंपनी के दफ्तर में सेंधमारी कर दी। छत के रास्ते घुसे चोर लाखों के चिकित्सीय उपकरण समेटकर फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस जांच कर रही है।
शास्त्रीनगर सेक्टर-3 निवासी जितेंद्र रस्तौगी का गढ़ रोड पर वर्धमान प्लाजा के सामने आफिस है। वह हास्पिटल में चिकित्सीय उपकरण लगाने का काम करते हैं। मंगलवार सुबह जितेंद्र आफिस पहुंचे। शटर उठाकर देखा तो शीशे का एक दरवाजा टूटा था। उन्हें कुछ शक हुआ। प्रथम तल पर जाकर देखा तो वह हैरान रह गए। वहां लगा शटर खुला पड़ा था। पास ही ताले टूटे पड़े थे। उन्होंने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस ने आकर देखा कि छत का दरवाजा मुड़ा पड़ा है। जितेंद्र ने पुलिस को बताया कि रात दस बजे वह घर लौट गए थे। आधी रात को किसी समय चोरी की वारदात हुई। चोर महंगे चिकित्सीय उपकरण के अलावा सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर, लैपटॉप, प्रिंटर, एलईडी सहित काफी सामान समेटकर ले गए हैं। नौचंदी पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।